जनसमस्याओं का हल शीघ्र निकालें अफसर
भास्कर न्यूज - अलीगढ़
पंचायत समिति सभागार में आयोजित जनसंपर्क समस्या समाधान शिविर में उनियारा एसडीएम राधेश्याम मीणा ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए कि वह जनसमस्याओं का शीघ्रता से निराकरण करें। जनसंपर्क समस्या समाधान शिविर में रानीपुरा ग्राम स्थित राजकीय माध्यमिक विद्यालय समिति व ग्रामीणों ने विद्यालय को आवंटित भवन भूमि का सीमा ज्ञान व खेल मैदान कब्जा दिलवाने को लेकर ज्ञापन सौंपा।
ग्रामीण रामकिशोर, हरफूल, रामराज, मौजीराम, लल्लू राम सहित अन्य लोगों ने बताया कि उपखंड अधिकारी व उनियारा तहसीलदार की अभिशंसा पर ग्राम नया गांव स्थित आराजी खसरा नंबर 155 रकबा 0.57 हेक्टेयर, खसरा नंबर 358 रकबा 1.13 हेक्टेयर -2 रकबा 1.70 किस्म सिवायचक भूमि उपनिवेशन विभाग द्वारा जारी आदेशों
13 मई, 2010 के तहत नियम 1963 के उपबंधों के अधीन राजकीय माध्यमिक विद्यालय के खेल मैदान एवं सरकारी भवनों के निर्माण के लिए आवंटित की गई थी। इसका न कोई कब्जा विद्यालय के पास है। सीमा ज्ञान करवा कर कब्जा दिलाने की मांग की गई। इसी प्रकार कस्बे में शुद्ध पेयजल उपलब्ध करवाने, कस्बे की क्षतिग्रस्त पाइप लाइन को बदलवाने सहित अन्य समस्याओं को लेकर सरपंच सुभाष वर्मा, भाजपा मीडिया प्रभारी पवन पारीक ने ज्ञापन सौंपा।
क्षेत्र की विभिन्न ग्राम पंचायतों में नियुक्त लिपिकों का चुनाव के दौरान लगाई गई ड्यूटी के मानदेय का भुगतान करने की मांग को लेकर भी प्रार्थना पत्र दिया गया। इसी प्रकार जनसुनवाई में विभिन्न समस्याओं को लेकर प्रार्थना पत्र प्रस्तुत किए गए। जनसुनवाई के दौरान उनियारा तहसीलदार रामनारायण मीणा, विकास अधिकारी कैलाश मीणा, नायब तहसीलदार रामनारायण मीणा, ब्लॉक मुख्य एवं स्वास्थ्य चिकित्सा अधिकारी शिवशंकर गौत्तम, उच्च माध्यमिक नोडल प्रधानाध्यापक राजेन्द्र पाल सिंह, पीडब्ल्यूडी विभाग के सहायक अभियंता कमलराम मीणा सहित उपखंड क्षेत्र के अधिकारी कर्मचारी उपस्थित थे।