बनास में सीमांकन
कासं - टोंक
अवैध बजरी की रोकथाम के लिए प्रशासन ने बुधवार को मुस्तैदी दिखाते हुए बनास नदी में गश्त की तथा कई जगह बजरी के अधिक दोहन को देखते हुए उसका सीमाज्ञान आदि कर कई क्षेत्र चिन्हित कर वहां से बजरी खनन को रोके जाने पर भी जोर दिया। ऐसे जगहों में पानी के स्त्रोत वाले क्षेत्रों सहित वन विभाग के क्षेत्र आदि है। बुधवार को बनास नदी में अवैध खनन को रोकने के लिए तहसीलदार सहित कई अधिकारियों ने मौका मुआयना किया। विभिन्न जगह कार्रवाई के तहत ओवर लोड वाहनों को भी पकड़ा गया। 29 ओवर लोड वाहनों को पकड़ कर जुर्माना किया तथा 9 वाहनों को जब्त किया गया है। मंगलवार को बनास नदी के मोलाईपुरा क्षेत्र में विधायक अजीत सिंह मेहता ने भी निरीक्षण कर प्रशासन को स्थिति से अवगत कराया था। उसके बाद से ही प्रशासन हरकत में आ गया। खनिज विभाग के सहायक अभियंता मनोज शर्मा ने बताया कि बुधवार को उपखंड अधिकारी हिम्मत सिंह के नेतृत्व में राजस्व विभाग, पुलिस, वन विभाग, जलदाय विभाग एवं खनिज विभाग आदि ने लहन क्षेत्र में हो रहे बजरी खनन के मामले में जांच की। जांच के दौरान लहन क्षेत्र के खसरा नंबर 1 व 163 में खनन होता नहीं पाया गया। जिसको लेकर शिकायत थी। उक्त खसरा क्षेत्र सहित अन्य क्षेत्रों में सीमांकन भी किया गया है।
परिवहन विभाग ने साढ़े चार लाख वसूले
परिवहन विभाग के निरीक्षक मिथलेश गुर्जर ने बताया कि बजरी के ओवर लोड ट्रकों पर कार्रवाई के तहत विभाग ने चार लाख रुपए वसूले। मंगलवार शाम से कार्रवाई की जा रही है। जो आगे भी जारी रहेगी।