- Hindi News
- आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर ज्ञापन
आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर ज्ञापन
भास्कर न्यूज - महवा
जिला जाटव सुधार समिति करौली, दौसा, सवाईमाधोपुर ने डीएसपी को ज्ञापन सौंपकर गत सप्ताह ट्यूशन से घर लौट रही नाबालिग छात्रा के अपहरण कर दुष्कर्म के प्रयास व चलती जीप से उसे फेंकने के आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की। सैकड़ों लोग सीओ कार्यालय पहुंचे, जिन्होंने डीएसपी नाहरसिंह को ज्ञापन सौंपकर जल्द नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की।
डीएसपी को सौंपे गए ज्ञापन में दलित समाज के लोगो ने बताया कि छात्रा के साथ दुष्कर्म के प्रयास व चली जीप से उसे फैंकने की घटना का नामजद मुकदमा होने के दस दिन बाद भी पुलिस चालक सहित अन्य को गिरफ्तार नहीं कर पाई है, जिससे आरोपियों के हौंसले बुलंद है। जबकि घटना के बाद से ही परिवारजनों के
साथ पीडि़त छात्रा भयभीत है, जो अब स्कूल जाने से भी कतरा रही है। उन्होंने डीएसपी से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है। ताकि ऐसी वारदातों की पुनरावृत्ति न हो।
गौरतलब है कि छात्रा 12 जनवरी को महवा से ट्यूशन पढ़कर अपने गांव रामफूल का पुरा गाजीपुर जाने के लिए हिंडौन स्टैंड से जीप में बैठी थी। जहां चालक सहित अन्य आरोपी उसका अपहरण कर ले गए और जबरन दुष्कर्म का प्रयास किया एवं छात्रा के चिल्लाने पर आरोपी उसे भोपर मोड़ पर चलती जीप से फेंक गए थे। इसे लेकर पीडि़ता के पिता ने नामजद आरोपियों के खिलाफ अपहरण कर दुष्कर्म के प्रयास व चलती जीप से फेंके जाने का मामला दर्ज कराया था।
हाई वोल्टेज से घरेलू उपकरण फुंके
दौसा - नागौरी मोहल्ले में बुधवार रात हाई वोल्टेज से घरों में उपकरण फुंक गए। इससे कई लोगों को काफी नुकसान हुआ। अबरार अहमद ने बताया कि तेज पावर से मोहल्ले में 35-40 टीवी, 15-20 फ्रीज व अन्य उपकरण फुंक गए। नौशाद खान ने बताया कि 15 दिन से मोहल्ले में बिजली की समस्या है। कई बार दिनभर बिजली नहीं आती। इससे लोगों में रोष है। एजाज अहमद, दिलशान खान, कर्रार, आरिफ, अफसार, आसिफ, जुल्लु खान, हैदर, हिकमत, शाहरुख, शोएब आदि ने बिजलीकर्मियों को शिकायत सुनाई। बिजली निगम के जेईएन श्रीमन मीणा का कहना है कि हाई वोल्टेज से उपकरण फुंकने की सूचना उन्हें नहीं मिली।
बाइक चोरी के मामले में दो गिरफ्तार
बसवा - पुलिस ने बाइक चोरी के मामले में गुरुवार को दो युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने बताया कि रामबाबू मीणा निवासी भोपान की ढाणी 20 जनवरी को ढाणी के समीप एक तीये की बैठक में शामिल होने गया था। इसी दौरान उसकी बाइक चोरी हो गई। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने राजपुर रोड से बाइक चोरी के मामले में आरोपी सीताराम उर्फ शैतान जोगी एवं राकेश उर्फ भूरया मीणा निवासी मुराटा थाना टहला को चुराई गई बाइक सहित गिरफ्तार कर लिया।