सड़क हादसे में दो की दर्दनाक मौत
भास्कर न्यूज - महवा
भांडारेज से मंडावर अपने दोस्त की बीमार मां की हालत जानने के लिए रविवार रात आ रहे दो दोस्तों की सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। थाना प्रभारी मनोहरलाल मीणा के मुताबिक रविवार रात दौसा थाना क्षेत्र के भांडारेज से दो दोस्त सुरेश गुर्जर निवासी भांडारेज व गजराज बुनकर निवासी गोधूला प्रतापगढ़ बाइक से मंडावर अपने दोस्त की बीमार मां का हाल जानने आ रहे थे। जहां नेशनल हाइवे पर पीपलखेड़ा पेट्रोल पंप के समीप उनकी बाइक को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी, जिससे दोनों बुरी तरह घायल हो गए। दुर्घटना की सूचना मिलने के बाद घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने घायलों को महवा अस्पताल में भर्ती कराया, जहां चिकित्सकों को दोनों को मृत घोषित कर दिया। इधर सड़क हादसे में दो दोस्तों की मौत की सूचना पुलिस ने मृतक के परिजनों को दी। जहां अस्पताल पहुंचे मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। पुलिस ने पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सुपुर्द कर दिए। मृतक के भाई बाबूलाल गुर्जर निवासी भांडारेज ने महवा थाने में अज्ञात वाहन के खिलाफ टक्कर मारने का मामला दर्ज कराया है।
स्कार्पियो ने बाइक सवार को मारी टक्कर
बांदीकुई ग्रामीण - अलवर-सिकंदरा मेगा हाइवे पर जेल तिराहे समीप सोमवार शाम स्कार्पियो की टक्कर से एक साइकिल सवार की मौत हो गई। बसवा पुलिस ने बताया कि बाढ़ बिशनपुरा निवासी रामप्रसाद सैनी ((६५)) शाम करीब पांच बजे फूलेला से साइकिल से अपने गांव लौट रहा था। इसी दौरान पीछे से आ रही एक स्कार्पियो ने टक्कर मार दी। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। गाड़ी की रफ्तार इतनी तेज थी कि टक्कर के बाद स्कार्पियों भी पलटी खा गई।