- Hindi News
- एटीएम से रुपए चुराने वाला अंतरराज्यीय गिरोह पकड़ा
एटीएम से रुपए चुराने वाला अंतरराज्यीय गिरोह पकड़ा
दौसा/महवा - महवा थाना पुलिस ने एटीएम हैंग कर व कार्ड बदलकर रुपए चोरी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश कर पांच बदमाशों को गिरफ्तार किया है। आरोपितों से 22 हजार रुपए नकद, दो कार, 7 मोबाइल, 5 एटीएम कार्ड व दो कार भी जब्त किए हैं। एसपी अंशुमन भौमिया के मुताबिक आरोपितों ने यूपी, हरियाणा व राजस्थान में एटीएम हैंग व कार्ड बदलकर रकम चोरी करने की दो दर्जन से अधिक वारदातें कबूल की है। इस मामले में शकरुद्दीन मेव, रामकुआर जाट, हबीब मेव, जहीर मेव व जाहिद हुसैन निवासी घागोट पलवल हरियाणा को गिरफ्तार किया है। जाहिद हुसैन पेशे से वकील है। आरोपितों ने 12 जनवरी को महवा कस्बे में तीन बैंकों के एटीएम से रुपए चुराने की वारदात की थी। इनके तीन साथी और हैं, जिनकी तलाश जारी है। गिरफ्तार आरोपितों को सोमवार को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें चार दिन के रिमांड पर सौंपा है।
यूं पकड़े गए
गिरोह ने 12 जनवरी को महवा कस्बे में एसबीआई के एटीएम से 18 हजार, बैंक ऑफ बड़ौदा के एटीएम से 10 हजार व एक्सिस बैंक के एटीएम से 6 हजार रुपए चोरी कर ले गए थे। एटीएम से लिए फुटेज व संदिग्ध लोगों की मोबाइल लोकेशन के आधार पर जांच की। हरियाणा में ऐसी वारदात करने वाले गांवों में मुखबिर लगाए। रविवार को गिरोह महवा क्षेत्र में होने पर जाल बिछाया तथा आरोपितों को दबोच लिया। गिरोह में कस्बे में वारदात करने की फिराक में थे।
यूं देते थे वारदात को अंजाम
गिरोह के बदमाश चार-पांच जने ग्रुप में रहते थे। अवकाश के दिन या माह के शुरूआत में भीड़भाड़ के समय एटीएम में आलपिन व माचिस की तिल्ली लगाकर मशीन हैंग कर देते या कार्ड बदल लेते। ग्राहक द्वारा पैसे निकालते समय मशीन हैंग हो जाती। ग्राहक मशीन खराब मानकर लौट जाता। बाद में बदमाश ऑलपिन व माचिस की तिल्ली को निकाल लेते।
पूर्व में काम लिए एटीएम धारक के खाते में से रकम निकाल ले जाते। आरोपितों के पास पांच एटीएम कार्ड मिले हैं। जिनमें 2 खुद के व तीन फर्जी हैं।
हरियाणा ब्रांड की शराब भी मिली
आरोपितों के पास से दो कार जब्त की है। कार में हरियाणा ब्रांड की 2 कॉर्टन में 24 बोतल रॉयल स्टेग शराब पकड़ी है। थानाधिकारी मनोहरलाल मीणा ने बताया कि आरोपितों के खिलाफ अवैध शराब ले जाने का मामला भी दर्ज किया है।