रोशनी से जगमगाया श्याम मंदिर
कार्यालय संवाददाता - दौसा
श्याम मंदिर चरणधाम का 13वां पाटोत्सव आज से शुरू होगा। पाटोत्सव की पूर्व संध्या पर मंदिर को आकर्षक रोशनी से सजाया गया है। वहीं भजन संध्या के लिए पांडाल व श्याम दरबार सजाया जा रहा है।
राजेश ठाकुरिया ने बताया कि सुबह 7 बजे मंगल कलश एवं रामायण शोभायात्रा सहजनाथ मंदिर से निकलेगी, जिसे विधायक शंकरशर्मा रवाना करेंगे। प्रथम रथ आरती बस्सी विधायक अंजू धानका करेंगी। मुख्य ध्वजवाहक वैद्य ओमप्रकाश शाहरा होंगे। नगर परिषद के सभापति राजकुमार जायसवाल मुख्य कलश पूजन करेंगे। श्याम मंदिर में शाम 6 बजे भजनामृत रस गंगा का आयोजन होगा। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विधायक शंकर शर्मा होंगे। अध्यक्षता रमेश खंडेलवाल करेंगे। राजस्थान उच्च न्यायालय के न्यायाधिपति महेश शर्मा, ज्योतिषाचार्य पं. पुरुषोत्तम गौड़ उपरेड़ा वाले, संजय करनानी एवं सुनील शर्मा विशिष्ट अतिथि होंगे। गायक कलाकार शीतल पांडे, सोनम कश्यप, अविनाश शर्मा, गोपाल सैन व अजय शर्मा प्रस्तुति देंगे।
1008 रुद्राभिषेक होंगे : 7 फरवरी तक चलने वाले पाटोत्सव में दौसा की खुशहाली एवं जल समस्या के निराकरण के लिए शिवजी का 1008 रुद्राभिषेक किया जाएगा। रुद्राभिषेक में शहर के सभी क्षेत्रों के नागरिकों की भागीदारी के लिए कॉलोनियों के प्रभारी भी नियुक्त किए गए हैं। 31 जनवरी से महाशिव रुद्राभिषेक 7 फरवरी तक प्रतिदिन सुबह 5:30 से 9 बजे तक होगा, जिसके मुख्य यजमान मुरलीधर, कैलाशचंद नाटाणी होंगे। 31 जनवरी से 7 फरवरी तक दोपहर 12:30 से शाम 4:30 बजे तक शिव महापुराण कथा स्वामी शिव चैतन्य महाराज करेंगे। कथा के मुख्य यजमान ओमप्रकाश आमेरिया होंगे। 5 फरवरी को शिव पार्वती विवाह उत्सव होगा।