पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
डाउनलोड करेंदौसा। सदर थाना पुलिस ने नेशनल हाइवे 11 पर खेड़ली मोड़ के समीप गुरुवार को अवैध शराब से भरा केंटर पकड़ा है। शराब की कीमत करीब 35 लाख रुपए आंकी गई है। पुलिस ने एक आरोपित को गिरफ्तार कर अवैध शराब से भरा केंटर जब्त कर लिया।
एएसपी अनिल कयाल ने बताया कि सुबह 11 बजे सदर थानाधिकारी मुनींद्र सिंह को मुखबिर से सूचना मिली कि सिकंदरा की ओर से सफेद रंग के केंटर में अवैध शराब भरी हुई है। केंटर दौसा की ओर आ रहा है। इस पर थानाधिकारी मुनींद्र सिंह, एएसआई मोहनलाल, हैड कांस्टेबल गुलाब सिंह, कांस्टेबल रामस्वरूप, नरेंद्र सिंह, भागचंद, रमेशचंद व चालक मानसिंह के साथ खेड़ली मोड़ पर पहुंचे तथा नाकेबंदी की।
इस दौरान सिकंदरा की ओर से आ रहे केंटर चालक पुलिस को देखकर गाड़ी को भगाने लगा तथा नाकाबंदी तोड़कर निकल गया। इस पर पुलिस ने पीछा कर केंटर को पकड़ लिया। इस दौरान खलासी साइड में बैठा एक व्यक्ति भाग गया। पुलिस ने केंटर की जांच की तो उसमें हरियाणा निर्मित विभिन्न ब्रांड की अंग्रेजी शराब के 246 कर्टन निकले।
पुलिस ने शराब के कर्टन को मौके पर जब्त कर सील कर दिया। चालक शेर सिंह राजपूत निवासी फतेहपुर थाना सपोटरा करौली को गिरफ्तार कर लिया। एएसपी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपित से पूछताछ की जा रही है। शराब कहां से लाई गई है तथा कहां ले जा रहा था। मालिक के बारे में भी पता लगाया जा रहा है।
Copyright © 2021-22 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.