ड्यूटी पर नशे में था अफसर
कासं - सवाई माधोपुर
आलनपुर सर्किल पर पशुपालन विभाग में बुधवार को ड्यूटी के दौरान विभाग के संयुक्त निदेशक ((जे.डी.)) नशे में धुत थे। कलेक्टर के निर्देश पर तहसीलदार मौके पर पहुंचे और पुलिस की सहायता से सामान्य चिकित्सालय में उनका मेडिकल कराया, जहां चिकित्सक ने एल्कोहल की पुष्टि की।
कलेक्टर पूनम को सूचना मिली कि पशुपालन विभाग के संयुक्त निदेशक
डॉ.निरंजन लाल मीणा ड्यूटी के दौरान नशे में है और कार्यालय में हैं। इस पर कलेक्टर ने तहसीलदार भंवरलाल मीणा को मामले की जांच के लिए भेजा। दोपहर करीब 3 बजे तहसीलदार पशुपालन विभाग पहुंचे। परिसर में तहसीलदार को गाड़ी को आया देख सभी कर्मचारी सकते में आ गए। तहसीलदार जब गाड़ी से उतरे तो इस दौरान जेडी परिसर के कार्यालय से अपने चैंबर में जा रहे थे। तहसीलदार ने जेडी को रुकवाकर उनसे पूछताछ की और उनके चैंबर में पहुंचकर उनसे पूछताछ की। पूछताछ के दौरान जेडी सकपका गए और कार्यालय में काम करने की बात कही। इस दौरान जेडी के मुंह से बदबू आने पर मामले को भांपते हुए तहसीलदार ने कोतवाली थानाधिकारी को मोबाइल से घटनाक्रम से अवगत कराया और पुलिस जाब्ता भेजकर जेडी का मेडिकल कराने का आग्रह किया। कुछ ही देर में पुलिसकर्मी पशुपालन विभाग पहुंचे और जेडी का मेडिकल कराने के लिए सामान्य चिकित्सालय लाए। दोपहर 4:05 बजे तहसीलदार ने मेडिकल ज्यूरिस्ट डॉ.शिशिर को जेडी का मेडिकल करने के संबंध में तहरीर दी। इस पर मेडिकल ज्यूरिस्ट ने जेडी का मेडिकल किया और एल्कोहल की तरह तरल पदार्थ का सेवन किए जाने की पुष्टि की।
कलेक्टर को बता दिया
॥कलेक्टर के निर्देश पर मैं पशुपालन विभाग पहुंचा। विभाग के संयुक्त निदेशक डॉ.एन.एल.मीणा के मुंह से बदबू आने पर उनका सामान्य चिकित्सालय में मेडिकल कराया गया। मेडिकल जांच रिपोर्ट से कलेक्टर को अवगत करा दिया गया है।
भंवरलाल मीणा, तहसीलदार
एल्कोहल की पुष्टि
॥तहसीलदार की रिपोर्ट पर पशुपालन विभाग के संयुक्त निदेशक डॉ. निरंजन लाल मीणा का मेडिकल परीक्षण किया गया, जिसमें एल्को हल की तरह तरल पदार्थ का सेवन करना पाया गया।
डॉ.शिशिर, मेडिकल ज्यूरिस्ट, सामान्य चिकित्सालय, सवाई माधोपुर
डायरेक्टर को बताएंगे
॥जांच रिपोर्ट से पशुपालन विभाग के निदेशक को अवगत कराया जाएगा।
पूनम, कलेक्टर, सवाई माधोपुर
कलेक्टर के निर्देश पर पशुपालन विभाग के संयुक्त निदेशक का तहसीलदार ने कराया मेडिकल, जांच में एल्कोहल की पुष्टि