पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • खुला खुला दिखा बाजार

खुला-खुला दिखा बाजार

8 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
भास्कर न्यूज - सवाई माधोपुर
मुख्यमंत्री की 60 दिवसीय कार्ययोजना के तहत नगर परिषद की ओर से चलाए गए अतिक्रमण हटाओ अभियान के तहत गुरुवार को भी परिषद के दस्ते ने बजरिया में विभिन्न स्थानों से अतिक्रमण हटाए। इस दौरान बजरिया स्थित मुख्य बाजार में सड़क पर हो रहे अतिक्रमण हटाने के बाद मार्ग चौड़ा होने से दुपहिया व चौपहिया सरपट दौड़ते नजर आए। नगर परिषद की इस कार्रवाई से मुख्य बाजार में सड़कें चौड़ी होने से राहगीरों व वाहन चालकों को जाम की परेशानी से निजात मिलने से उन्होंने इस कार्रवाई की सराहना की।
अभियान के तहत पूर्व में हटाए गए अतिक्रमण का निरीक्षण करने के लिए नगर परिषद अधिकारी दस्ते के साथ सुबह महावीर पार्क से रवाना होकर कलेक्ट्री मार्ग, गौरव पथ, सब्जी मंडी, जामा मस्जिद, मुख्य बाजार से टोंक रोड, हमीर पुलिया के नीचे से बालमंदिर कॉलोनी होता हुए वापस पार्क पहुंचे। इस दौरान दस्ते में शामिल अधिकारियों ने अतिक्रमियों को दुबारा अतिक्रमण नहीं करने की हिदायत दी। कई स्थानों पर दुबारा किए गए अतिक्रमण को हटाकर सामान जब्त करने की कार्रवाई की गई। निरीक्षण के दौरान दस्ते में नगर परिषद आयुक्त ईकरामुददीन, सफाई निरीक्षक गजेंद्र सिंह, स्वास्थ्य निरीक्षक मनीष शर्मा सहित अन्य शामिल थे।
राह हुई आसान
बजरिया मुख्य बाजार में गौरव पथ चौराहे से लेकर जामा मस्जिद तक आधे मार्ग को घेरकर लगाए गए ठेले, खोमचे, थडिय़ों आदि के कारण मार्ग संकरा होने से हमेशा जाम की स्थिति बनी रहती थी। अतिक्रमण के कारण चौपहिया वाहन तो दूर दुपहिया वाहन भी रेंगते हुए निकलते थे। इससे पैदल चलने वाले राहगीरों के साथ ही दुपहिया व चौपहिया वाहन चालकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। लेकिन नगर परिषद की ओर से चलाए गए अतिक्रमण हटाओ अभियान के दौरान अतिक्रमण हटाने के बाद मार्ग चौड़ा होने से दुपहिया व चौपहिया वाहन सरपट दौड़ते नजर आए। चौड़े मार्ग पर वाहनों को सरपट दौड़ते देख राहगीरों व वाहन चालकों ने नगर परिषद की इस कार्रवाई की सराहना की।