नर्सिंगकर्मियों ने किया विरोध-प्रदर्शन
सवाई माधोपुर - स्थायीकरण की मांग को लेकर एनआरएचएम नर्सिंगकर्मियों ने गुरुवार को कलेक्ट्रेट के सामने नारेबाजी कर विरोध-प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री के नाम कलेक्टर को ज्ञापन दिया।
इससे पूर्व सुबह राजस्थान एनआरएचएम नर्सिंगकर्मी कलेक्ट्रेट के सामने धरना स्थल पर एकत्रित हुए। यहां एकत्रित होने के बाद उन्होंने स्थाई किए जाने की मांग को लेकर नारेबाजी कर विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के बाद वे जुलूस के रूम में कलेक्टर को ज्ञापन देने के लिए धरना स्थल से रवाना हुए। कलेक्ट्रेट पहुंचकर उन्होंने मुख्यमंत्री के नाम कलेक्टर को ज्ञापन दिया। ज्ञापन में उन्होंने बताया कि वर्ष 2013 में राज्य सरकार द्वारा 30 हजार पेरामेडिकल स्टाफ की भर्ती निकाली थी। इसमें नर्स ग्रेड द्वितीय के 15 हजार 773 पद, एएनएम के 12 सौ, बीएचएम के 200 व फार्मासिस्ट के 15 सौ पद शामिल थे। नर्स ग्रेड द्वितीय व एएनएम के पदों पर मई में दस्तावेजों का सत्यापन भी हो गया, लेकिन इसके बावजूद उन्हें अभी तक स्थाई नहीं किया गया। उन्होंने बताया कि यदि उन्हें स्थायी नहीं किया गया तो वे अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले जाएंगे। विरोध प्रदर्शन के दौरान सभी नर्सिंगकर्मियों के सामूहिक अवकाश पर रहने से चिकित्सा केंद्रों पर मरीजों को परेशानी हुई। विरोध-प्रदर्शन करने वालों में जिला अध्यक्ष आसिफ अली, लक्ष्मीकांत जाट, तुलसीराम योगी, मुकेश मंगल, गणेश शर्मा सहित कई नर्सिंगकर्मी शामिल थे।