10 लाख की लागत से बनेगा छात्रा कक्ष
भा न्यूज - सवाई माधोपुर
कांग्रेस पार्टी पहले विकास करती है, बाद में वोट मांगती है। लेकिन विपक्षी पार्टी लोगों में धर्म व जाति के आधार पर नफरत फैलाकर वोट मांगती है। झूठ बोलकर, भ्रम फैलाकर वोट तो मांगे जा सकते है, लेकिन लोगों में दिलो में जगह नहीं बनाई जा सकती।
यह बात शुक्रवार को राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में आयोजित छात्रसंघ कार्यकारिणी के शपथ ग्रहण समारोह को संबोधित करते हुए केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री नमोनारायण मीणा ने कही। उन्होंने समारोह में उपस्थित कर्मचारी व अधिकारियों से कहा कि एपीओ करने की धमकी से डरने की जरूरत नहीं है। इस अवसर पर उन्होंने महाविद्यालय में एटीएम लगवाने, 10 लाख की लागत से छात्रा कक्ष बनवाने की घोषणा की। इससे पूर्व समारोह में कांग्रेस महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष मंजू शर्मा, छात्रसंघ अध्यक्षा रजनी मीणा, शेफाली मीणा, भाजपा जिलाध्यक्ष शिवचरण बैरवा आदि ने भी विचार व्यक्त किए। पूरे समारोह के दौरान महाविद्यालय के प्राचार्य को एपीओ करने का मामला छाया रहा। सभी अतिथियों ने प्राचार्य को एपीओ किए जाने के मामले को मुद्दा बनाते हुए भाजपा सरकार को जमकर कोसा। केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री ने कहा कि महाविद्यालय के प्राचार्य को एपीओ करना नफरत फैलाने का कार्य है। इस कार्य की जितनी निंदा की जाए बहुत कम है। यह छोटी सोच व नौसिखिया नेता का काम है। महाविद्यालय प्राचार्य को एपीओ किए जाने के मामले में माहिर आजाद ने कहा कि समारोह में राजनीति नहीं करनी चाहिए। भाजपा नेताओं ने प्राचार्य को एपीओ कर इस समारोह को कांग्रेस का बना दिया है। उन्होंने कहा कि समारोह में बाधा पहुंचाने के उद्देश्य से भाजपा नेताओं की सह पर पुलिसकर्मियों ने समारोह के लिए लगाए गए टेंट उखाड़ दिए। लेकिन संबंधित पुलिसकर्मी भूल गए कि राज तो आता जाता रहता है। भाजपा नेताओं ने प्राचार्य को एपीओ करवाया है, लेकिन हमारा शासन आने के बाद हम उन्हें सीधे काले पानी का रास्ता दिखाएंगे।