नेचर गाइडों ने किया हंगामा
भास्कर न्यूज - सवाई माधोपुर
रणथंभौर नेशनल पार्क में भ्रमण के लिए जाने वाले पर्यटकों के साथ वन विभाग द्वारा अप्रशिक्षित गाइडों को भिजवाने के विरोध में पुराने नेचर गाइडों ने हंगामा कर दिया। मामला बिगड़ता देख विभागीय अधिकारियों ने नए नेचर गाइडों को पर्यटकों के वाहनों से उतारा तब जाकर मामला शांत हुआ।
सोमवार को दोपहर की पारी में पार्क भ्रमण के लिए जाने वाले वाहनों के साथ स्थानीय विभागीय अधिकारी ने नए नेचर गाइडों को जाने के निर्देश दे दिए। इससे वहां मौजूद पुराने नेचर गाइड आक्रोशित हो गए। उन्होंने इस पर विरोध जताते हुए हंगामा कर दिया। बाद में मामला बिगड़ता देख संबंधित अधिकारियों ने समझाइश करते हुए नए नेचर गाइडों को वाहनों में से उतारा। तब जाकर मामला शांत हुआ। रणथंभौर नेचर गाइड एसोसिएशन से जुड़े आर.एस. योगी ने बताया कि वन विभाग के अधिकारी नियम विरुद्ध बिना आदेश के नए अप्रशिक्षित नेचर गाइडों को पर्यटकों के साथ पार्क में भिजवा रहे हैं। पर्यटकों को पार्क भ्रमण के दौरान संबंधित अप्रशिक्षित गाइड सही जानकारी नहीं दे पाते। इसके चलते पर्यटकों पर विपरीत प्रभाव पड़ता है। उन्होंने बताया कि राजस्थान पर्यटन अधिनियम 2010 में उल्लेख किया गया है कि नवीन गाइड ट्रेवल एजेंट, होटेलियर, ट्रेवल एजेंसी आदि के अधीन रहकर कार्य करेंगे। उन्होंने बताया कि यदि विभागीय अधिकारियों ने नवीन गाइडों को रोस्टर से पार्क में भेजने की कोशिश की तो रणथंभौर नेचर गाइड एसोसिएशन से जुड़े सभी नेचर गाइड कार्य का बहिष्कार करेंगे। इसके बाद भी उनकी मांग नहीं मानी गई तो धरना दिया जाएगा।
फरार आरोपी ने किया आत्म समर्पण: प्राणघातक हमले के मामले में फरार चल रहे आरोपी मैनपुरा पुत्र हरचंदा मीणा ने सोमवार को न्यायालय में आत्म समर्पण कर दिया।