सड़क पर दो मौतों से जाम
भास्कर न्यूज - कुस्तला
कस्बे के भगतसिंह सर्किल के पास मंगलवार सुबह ट्रक की टक्कर से महिला की मौत हो गई। घटना के बाद ग्रामीणों में रोष व्याप्त हो गया और उन्होंने लालसोट-कोटा मेगा हाइवे पर जाम लगा दिया।
मंगलवार सुबह 5:30 बजे कोटा की ओर से पट्टी से भरा ट्रक सवाई माधोपुर की ओर आ रहा था। भगतसिंह सर्किल के पास ट्रक ने शौच के लिए जा रही कस्बा निवासी महिला प्रेम माली ((42)) पत्नी रामसहाय को कुचल दिया। ट्रक का पहिया महिला के ऊपर से निकल गया। घटना के बाद ट्रक चालक वाहन को छोड़कर मौके से फरार हो गया। जानकारी मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और 108 एंबुलेंस को सूचित किया। एंबुलेंस से घायल को सामान्य चिकित्सालय ले जाते समय बीच रास्ते में ही महिला ने दम तोड़ दिया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और ट्रक को जब्त कर पुलिस चौकी पर खड़ा किया। बाद में पुलिस ने सामान्य चिकित्सालय पहुंचकर मृतका का पोस्टमार्टम कराया और शव परिजनों के सुपुर्द किया।
लालसोट-कोटा मेगा हाइवे पर जाम
महिला की मौत के बाद ग्रामीणों में रोष व्याप्त हो गया और सुबह 6 बजे मानव शृंखला बनाकर लालसोट-कोटा मेगा हाइवे पर जाम लगा दिया। ग्रामीणों का कहना था कि कई बार प्रशासन को अवगत कराने के बावजूद इस मार्ग पर गति अवरोधक नहीं लगाए गए हैं। एक पखवाड़ा पूर्व कस्बे के पास मेगा हाइवे पर सड़क पार कर रहे एक बालक की ट्रक की टक्कर से मौत हो गई थी। सरपंच भगवती सिंह ने कलेक्टर को पत्र देकर हाइवे पर स्पीड ब्रेकर बनवाने की मांग की है। ऐसा नहीं होने पर ग्रामीण आंदोलन करने पर उतारू हैं। सरपंच ने भगतसिंह सर्किल, शर्मा भोजनालय तिराहा, माताजी का खेजड़ा आदि स्थानों पर स्पीड ब्रेकर बनवाने की मांग की है। जाम की सूचना मिलते ही चौकी प्रभारी जमील खान व अन्य पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया लेकिन ग्रामीण जाम खोलने को राजी नहीं हुए। ग्रामीणों के रोष को भांपते हुए मौके पर पहुंचे रवांजना डूंगर थानाधिकारी विनोद मीणा ने ग्रामीणों को शीघ्र गति अवरोधक लगवाए जाने का आश्वासन दिया, तब जाकर ग्रामीण आधा घंटे बाद जाम खोलने को राजी हुए।