पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • दीया कुमारी ने विधानसभा में उठाया विकास कार्यों का मुद्दा

दीया कुमारी ने विधानसभा में उठाया विकास कार्यों का मुद्दा

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
सवाई माधोपुर - सवाई माधोपुर विधायक दीया कुमारी ने राजस्थान विधानसभा में विशेष उल्लेख का प्रस्ताव पेश किया। प्रस्ताव में उन्होंने सवाई माधोपुर में आर्थिक विकास प्रक्रिया को सुदृढ़, स्वचालित बनाने, जीवन स्तर में सुधार लाने एवं मूलभूत मानवीय आवश्यकताओं की पूर्ति के लिए सरकार द्वारा खर्च की जाने वाली राशि 9 हजार 3$50 करोड़ की जानकारी ली। इस दौरान विधायक ने कहा कि जल-मल निस्तारण, शहरी यातायात, ठोस कचरा निस्तारण, जल निकास, सांस्कृतिक विकास संरक्षण तथा सामाजिक मूलभूत व्यवस्था के यह सभी कार्य 31 दिसम्बर 2013 तक पूर्ण हो जाने चाहिए थे, जो कि अभी तक बकाया चल रहे हैं। ऐसे में सवाई माधोपुर की जनता को मिलने वाली सुविधाओं का लाभ नहीं मिल पा रहा है। सरकार को इस ओर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता है कि जनता सरकार से जो अपेक्षाएं करती है वह समय पर पूरी होनी चाहिए।
इस विशेष उल्लेख प्रस्ताव के दौरान विधायक ने कहा कि सवाई माधोपुर भारत का एक मुख्य पर्यटक स्थल है और इसे उसी दृष्टि से सुविधा सम्पन्न बनाना होगा। यहां किये जाने वाले कार्यों में गुणवत्ता का ध्यान रखा जाना चाहिए। सवाई माधोपुर में उद्योगों को स्थापित करने के लिए सरकार की आगामी योजनाओं पर ध्यान आकर्षण किया गया। साथ ही कहा कि बड़े-बड़े उद्योग घरानों को सवाई माधोपुर में अपना उद्योग लगाने के लिए आमंत्रित करने का प्रस्ताव रखा, जिससे उद्योग स्थापित होने से क्षेत्र की जनता को रोजगार के अवसर प्राप्त हों और उन्हें अपने ही शहर में रोजगार प्राप्त हो सके। इस विशेष उल्लेख प्रस्ताव में विधायक दीया कुमारी ने राजस्थान शहरी क्षेत्र विकास विनियोजन कार्यक्रम के अन्तर्गत सवाई माधोपुर में गुणवत्ता के साथ विकास कार्यों को शीघ्र सम्पादित करने की मांग की।




महिला सुरक्षा एवं बढ़ते अपराधों पर जताई चिंता

विधायक ने डीजीपी से जयपुर में मुलाकात कर सवाई माधोपुर में आमजन व महिला सुरक्षा को प्रमुख मुद्दा बताते हुए बढ़ते अपराधों पर चिंता जताई और इस बारे में शीघ्र कार्रवाई करने का आग्रह किया। इस दौरान उन्होंने पुलिस विभाग में रिक्त पदों को शीघ्र भरने, महिला थाना मुकदमों का शीघ्र निपटारा करने, धार्मिक आयोजनों पर अतिरिक्त पुलिस बल लगाए जाने की भी मांग की। साथ ही पुलिस को हिदायत दी कि वह हर समय जनता की सेवा के लिए तत्पर रहे। लंबे समय से बकाया मुकदमों का शीघ्र निपटारा करे। विधायक ने कहा कि पुलिस अधीक्षक साप्ताहिक आधार पर अधीनस्थ पुलिस अधिकारियों से मीटिंग कर कार्रवाई से पुलिस महानिदेशक व क्षेत्रीय विधायक को अवगत कराएं। इस पर पुलिस महानिदेशक ओमेंद्र भारद्वाज ने अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए आश्वस्त किया।