बरसात से कॉलोनियां जलमग्न
कासं - बांदीकुई
बीते 24 घंटे से शहर में बरसात का जोर होने से कई कॉलोनियों की दशा बिगड़ चुकी है। इनमें पानी का भराव तथा कीचड़ होने से लोगों को निकलने के लिए रास्ता भी नहीं मिल रहा है। दिनभर लोग इस समस्या को लेकर नगरपालिका में शिकायत करते रहे, लेकिन पालिका ने किसी भी कॉलोनी से पानी नहीं निकाला। शहर में मंगलवार सुबह से शुरू हुई बरसात का दौरान बुधवार सुबह तक चलता रहा। इससे शहर के मुख्य मार्ग जहां पानी से भर गए, वहीं कई कॉलोनियां पानी से लबालब होने तथा कीचड़ जमा होने से उनकी दशा बदतर हो गई।
सबसे ज्यादा खराब हाल 10 साल पहले नगरपालिका में शामिल हुए जागीर बांदीकुई क्षेत्र के रहे। मालीपुरा में गंदे पानी निकास की कोई सुविधा नहीं होने से यहां मालीबास, कान्हा का बास, सरस्वती विद्या विहार स्कूल की गली पानी से लबालब हो गई। यही नहीं बरसात का पानी घरों के बाहर जमा होने से लोगों को बाहर निकलने में परेशानी का सामना करना पड़ा। मालीपुरा से आगरा रेलवे फाटक व झालानी बगीची फाटक वाले रास्ते पर पानी का भराव होने से लोगों को परेशानी उठानी पड़ी। यहां के लोगों ने बताया कि वे इस समस्या को लेकर कई बार नगरपालिका में शिकायत भी कर चुके, लेकिन पानी भराव की समस्या का समाधान नहीं होने से बरसात के मौसम में इसी प्रकार की परेशानी उठानी पड़ती है।
उन्होंने बताया कि हल्की सी बरसात होने पर भी पानी का भराव हो जाता है। यहां गंदे पानी निकास की कोई सुविधा नहीं होने से पानी कई दिनों तक भरा रहता है। इसी प्रकार शहर की देवतवाल कालोनी में आम रास्तों पर बरसात के पानी से कीचड़ जमा होने से लोगों को परेशानी झेलनी पड़ी। लोगों ने बताया कि यहां नगरपालिका ने सड़क का निर्माण तो करा दिया, लेकिन गंदे पानी निकास के लिए नालियां नहीं बनाने से बरसात में पानी का भराव हो जाता है।
हाल ए मौसम
पानी का भराव तथा कीचड़ होने से लोगों को नहीं मिला निकलने के लिए रास्ता, पानी की निकासी नहीं होने से स्थिति बिगड़ी