- Hindi News
- दुकान आबंटन के विरोध में धरने पर बैठे पार्षद
दुकान आबंटन के विरोध में धरने पर बैठे पार्षद
कार्यालय संवाददाता - बांदीकुई
नगरपालिका की चार दुकानों को सस्ते दामों पर आबंटित कार्रवाई को निरस्त करने की मांग को लेकर बुधवार को करीब आधा दर्जन पार्षद धरने पर बैठ गए। धरना स्थल पहुंचे पालिका ईओ नरसीलाल मीणा ने मामले को बोर्ड बैठक में रखने का आश्वासन देने के बाद पार्षदों ने धरना स्थगित हुआ।
पालिका कार्यालय के बाहर पालिका की 24 से अधिक किराए पर चल रही दुकानों में से पालिका प्रशासन ने गुपचुप तरीके से चार दुकानों को किराएदारों से लीज राशि जमा कर आबंटन की कार्रवाई कर दी। इस कार्रवाई को निरस्त कराने की मांग को लेकर छह पार्षद विरोध में उतर आए। पालिका नेता प्रतिपक्ष राजेन्द्र चौधरी सहित अन्य पार्षदों का कहना है कि पालिका की दुकानें मुख्य बाजार में है तथा इनकी प्रति दुकान बाजार भाव 60 लाख रुपए है, लेकिन पालिका ने प्रति दुकान को 4 लाख 95 हजार रुपए में आबंटित करने की कार्रवाई कर दी। पार्षदों का आरोप है कि इस आबंटन कार्रवाई में जमकर भ्रष्टाचार हुआ है। ऐसे में इसे निरस्त किया जाना पालिका हित में है। दूसरी ओर पालिका चेयरमैन रमेशचंद बैरवा इस आबंटन की कार्रवाई को राज्य सरकार की ओर से 24 दिसंबर 2001 के अनुरूप सही ठहरा रहे हैं। हालांकि चेयरमैन बैरवा ने पार्षदों के विरोध के चलते आबंटन कार्रवाई को फिलहाल स्थगित कर स्वायत्त शासन विभाग जयपुर से मार्गदर्शन मांगा है।
ये भी उठाए मुद्दे
धरने पर बैठे पार्षदों ने ईओ मीणा को अवगत कराया कि भूमि एवं स्टोर शाखा पर 16 दिनों से ताला लगा है। प्रशासन शहरों के संग अभियान चल रहा है। इसके बावजूद न तो पिछले अभियान के दौरान जमा पट्टा एवं एनओसी पत्रावलियों का निस्तारण हुआ और न ही वर्तमान में अभियान को लेकर कार्रवाई की जा रही है। ईओ ने शीघ्र ही इन मामलों का निस्तारण कराने का भरोसा दिलाया।
बोर्ड के समक्ष रखेंगे मामला
धरने पर बैठने से पूर्व ईओ नरसी लाल मीणा ने पार्षदों की बैठक लेकर उन्हें धरने पर नहीं बैठने के लिए समझाया, लेकिन पार्षद अपनी मांग पर अड़े रहे। इसके बाद धरना स्थल पहुंचे पालिका ईओ मीणा ने पार्षदों को आश्वासन दिया कि जब तक बोर्ड के समक्ष इन दुकानों के आबंटन पर चर्चा नहीं हो जाती तब तक इस संबंध में कोई अग्रिम कार्रवाई नहीं होगी। इस दौरान यह तय हुआ कि क्षेत्रीय विधायक से स्वीकृति लेकर शीघ्र बोर्ड बैठक बुलाकर मामले को बोर्ड के समक्ष रखा जाएगा। इस पर पार्षदों ने धरना स्थगित करने की घोषणा की।
इसलिए किया आंदोलन
आबंटन कार्रवाई का विरोध कर रहे पालिका नेता प्रतिपक्ष राजेन्द्र चौधरी, पार्षद कैलाश तांबी, मुकेश माल, माया तंवर, शक्तिसिंह राजावत, रामसिंह तंवर सहित अन्य ने बताया कि दुकान आबंटन के मामले में उनकी मांग स्वायत्त शासन विभाग से मार्गदर्शन लेने की नहीं है, बल्कि तुरंत पालिका बोर्ड बैठक बुलाकर इस संपूर्ण कार्रवाई को निरस्त करने की है। इसके बावजूद चेयरमैन रमेशचंद बैरवा ने उनकी इस मांग पर गौर नहीं किया।