- Hindi News
- सर्व समाज के सहयोग से ही विकास संभव : अलका सिंह
सर्व समाज के सहयोग से ही विकास संभव : अलका सिंह
कासं. बांदीकुई
क्षेत्रीय विधायक डॉ. अलका सिंह ने कहा कि सर्वसमाज के सहयोग से ही क्षेत्र का विकास संभव है।
विधायक डॉ. सिंह ने यह बात शनिवार को राजेश पायलट राजकीय कॉलेज में आयोजित पुरस्कार वितरण एवं वार्षिकोत्सव समारोह को संबोधित करते हुए कही। उन्होंने कहा कि आज के युवा डायनामाइट की तरह है। जिसे सही दिशा मिले तो विकास हो जाए और गलत दिशा मिले तो बर्बादी हो सकती है। उन्होंने कहा कि आज बेरोजगारी अधिक होने से युवा चिंतित है। अब राज्य सरकार पूरे प्रदेश में करीब 15 लाख युवाओं को रोजगार देगी साथ ही प्रत्येक प्राइवेट व सरकारी कालेज में युवाओं को रोजगार की ओर जोडऩे के लिए रोजगार सेंटर स्थापित किया जाएगा तथा जिला म़ुख्यालय पर रोजगार मेला भी आयोजित होगा। उन्होंने कहा कि क्षेत्र का विकास मेरा पहला मुद्दा है, लेकिन इसके साथ ही यहां सामाजिक समरसता को कायम रखना भी प्रमुख उद्देश्य है, इसके लिए युवा व सर्व समाज का सहयोग जरूरी है। इस दौरान उन्होंने कालेज की समस्याओं के समाधान कराने का भी भरोसा दिलाया। समारोह में भामाशाह शिवचरण मेहरा ने कहा कि कालेज में सभी जाति व समाज के बालक पढ़ते हैं। उनका दायित्व है कि वे सब मिलजुलकर शिक्षा ग्रहण करें और आगे बढ़कर क्षेत्र का नाम रोशन करें। उन्होंने कालेज में अनुमति मिलने के बाद राजेश पायलट की प्रतिमा लगाने तथा अप्रैल माह में एक वाटर कूलर लगाने की घोषणा की। समारोह में पूर्व मंडी समिति चेयरमैन रायसिंह गुर्जर, कॉलेज प्राचार्य एसडी शर्मा, छात्रसंघ अध्यक्ष हजारीलाल बैरवा, छात्र नेता राकेश डोई, पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष दौलतराम मीणा सहित अन्य ने भी विचार व्यक्त किए। समारोह में विधायक डॉ. सिंह सहित अन्य अतिथियों ने बालकों को पुरस्कार वितरित किए। समारोह का संचालन प्रो. जेपी गुर्जर ने किया।
135 बालकों का टीकाकरण
लालसोट . उपखंड मुख्यालय पर पुरोहित तिबारे के पास राउप्रावि संस्कृत स्कूल में टीकाकरण अभियान चलाया गया। इसके तहत आशा सहयोगिनी पिंकी हाड़ा तथा एएनएम शकुंतला शर्मा ने 135 बालक-बालिकाओं के टीकाकरण किया। इस मौके पर टीकाकरण का महत्व बताया तथा रोग से बचाव व उपचार की जानकारी दी।