पेड़ पर तौलिए से लटका मिला युवक का शव
बांदीकुई - भांडेडा ग्राम पंचायत की बीना ठेकेदार की ढाणी में सोमवार सुबह पेड़ पर फंदे से लटका एक युवक का शव मिला है। परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए ढाणी के पांच लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कराया है। पुलिस ने राजकीय अस्पताल में पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया।
सुबह ढाणी में शौच के लिए गए लोगों को एक पेड़ पर ढाणी के अनिल सैनी ((27)) का शव फंदे से लटका हुआ देख उन्होंने परिजनों को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को उतारकर राजकीय अस्पताल पहुंचाया। पोस्टमार्टम करवाया गया। मृतक के परिजनों ने युवक की हत्या की आशंका व्यक्त की है। अस्पताल में भीड़ लग गई। अस्पताल पहुंचे थाना प्रभारी दीपक मीणा ने मामले की जानकारी ली। परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल था।
लोगों ने बताया कि शव घर से कुछ ही दूरी पर एक पेड़ से लटका हुआ मिला है। परिजनों ने बताया कि शव तौलिए से लटका हुआ मिला है। जबकि वह तौलिया नहीं रखता था, बल्कि सर्दी से बचाव के लिए कैप ((टोपा)) लगाता था। इससे परिजनों को आशंका है कि किसी ने उसकी हत्या कर शव को पेड़ पर लटकाया है।
शौच की कहकर गया, नहीं लौटा
मृतक अनिल के परिजनों ने बताया कि वह रात करीब 8 बजे शौच करने की कहकर घर से गया था। उसके बाद नहीं लौटा। उन्होंने बताया कि उसके व परिवार के अन्य लोगों के मकान आसपास होने के कारण अक्सर रात को किसी भी घर में सो जाता है। इसलिए रात को तलाश नहीं किया।
इनके खिलाफ मामला दर्ज
घटना को लेकर मृतक के भाई धर्मेंद्र सैनी ने ढाणी के बन्ना, पप्पू, कालू, विश्राम व घनश्याम के खिलाफ उसके भाई अनिल की हत्या की आशंका जताते हुए मामला दर्ज कराया है। अनिल की मौत से उसके दो छोटे बच्चों के सिर से पिता का साया उठ गया। अनिल के एक पांच साल की बेटी तथा करीब तीन साल का बेटा है।