रोज टूट रहे हैं दुकानों के शटर
सिकराय - सिकंदरा थाना क्षेत्र के गांगदवाड़ी बस स्टैंड पर मंगलवार रात दो दुकानों के शटर तोड़कर चोर हजारों का सामान व नकदी ले गए। पुलिस ने घटना की जानकारी ली। चोरी की वारदातों से नाराज ग्रामीणों ने पुलिस गश्त नहीं होने पर नाराजगी जताई।
बस स्टैंड पर पर जगदीश शर्मा की किराना स्टोर व हनुमान मीणा की मोबाइल पाइंट की दुकान के शटर तोड़कर चोर हजारों का सामान व नकदी ले गए। शटर टूटा देख लोगों ने दुकानदारों को बुलाकर पुलिस को सूचना दी। जगदीश शर्मा ने बताया कि चोर हजारों का किराने का सामान व करीब 5 हजार नकदी ले गए। इसी प्रकार हनुमान मीणा की दुकान से एक डीजे मिक्सर मशीन व एक हजार की नकदी ले गए। सिकंदरा पुलिस ने मामले की जानकारी लेकर आरोपियों को गिरफ्तार करने का आश्वासन दिया। चोरी की वारदात तथा पिछले दिनों ग्राम सेवा सहकारी समिति कार्यालय, राजकीय उच्च माध्यमिक स्कूल के कंप्यूटर कक्ष के ताले तोड़कर चोरी के प्रयास के विरोध में ग्रामीणों में रोष हो गया। ग्रामीणों ने बताया कि गांव में चोर गिरोह सक्रिय है। आए दिन चोरी की वारदातें हो रही हैं। दुकानदारों ने सिकंदरा थाने में चोरों के खिलाफ चोरी की शिकायत की है।
तीन किमी दूर मिले दस्तावेज
जगदीश शर्मा की किराने की दुकान के गल्ले को चोर अपने साथ ले गए। गल्ले में रखी नकदी चुराने के बाद करीब तीन किमी दूर गोलिया मोड़ के समीप पटक गए। गांगदवाड़ी जा रही पुलिस को ग्रामीणों ने रास्ते में पड़े रैक, बैंक पासबुक, एटीएम कार्ड सहित अन्य दस्तावेज दिए। जगदीश ने बताया कि तेल के पाउच भी रास्ते में पड़े मिले।
दुकान से ले गए सामान
लालसोट - सब्जी मंडी के पास परचून की दुकान का शटर तोड़ कर चोर नकदी व सामान पार कर ले गए। सुबह चोरी की घटना के बारे में पता चला। चोरों ने शटर को साइडों से चौड़ा कर दुकान में घुस गए और हजारों रु पए की नकदी व सामान ले गए। दुकानदार ने बताया कि चोर दुकान में रखे 15 हजार नकद व परचून का सामान ले गए। इस बारे में को सूचना दी गई है। दूसरी तरफ खटवा रोड पर कबीर कॉलोनी में रामखिलाड़ी मीना के मकान में हुई चोरी की वारदात से लोगों में रोष है। लोगों ने बढ़ती चोरी की वारदातों पर रोक लगाने की पुलिस से मांग की है।
किराने की दुकान में चोरों ने लगाई सेंध
मंडावर - बस स्टैंड के समीप किराने की दुकान में चोर दुकान की दीवार तोड़कर हजारों की नकदी सहित सामान ले गए। प्रजापत किराना स्टोर पर मंगलवार रात चोर सीढिय़ों की ओर से दीवार तोड़कर दुकान के गल्ले में रखे दस हजार रुपए व करीब तीस हजार रुपए का सामान ले गए। बुधवार सुबह दुकान खोलने के बाद पता चलाष पुलिस ने घटनास्थल पर जानकारी ली।
दो दुकानों से हजारों का माल साफ
पापड़दा - खवारावजी में मंगलवार रात चोर दो दुकानों के ताले तोड़कर हजारों रुपए का सामान ले गए।
चोरी की वारदात महेश सैनी व भोलाराम सैनी की दुकानों में हुई। महेश व भोलाराम बुधवार सुबह दुकान खोलने पहुंचे तो ताले टूटे मिले। पता चलने पर आसपास के लोग एकत्र हो गए। बाबूलाल सैनी ने पुलिस को सूचना दी। इस पर नांगल राजावतान थाना पुलिस पहुंची तथा मौका मुआयना किया। हैड कांस्टेबल हरफूल ने बताया कि चोर नकदी के अलावा, किराने का सामान, दुकान का पट्टा, एलआईसी के कागजात, एटीएम कार्ड आदि ले गए।