अलवर ने जयपुर को दो विकेट से हराया
कासं. - बांदीकुई
बांदीकुई क्रिकेट क्लब के तत्वावधान में बुधवार को शहर के गांधी ग्राउंड मैदान पर समारोह के बीच राज्यस्तरीय टी-20 क्रिकेट प्रतियोगिता का आगाज हुआ। प्रतियोगिता में दिल्ली, अछनेरा सहित प्रदेश की अन्य टीमें भाग ले रही हैं।
राज्यस्तरीय टी-20 क्रिकेट प्रतियोगिता के पहले मैच में अलवर ने जयपुर की टीम को दो विकेट से हराया। क्लब के अध्यक्ष शक्तिसिंह राजावत ने बताया कि पहला मैच जयपुर व अलवर के बीच खेला गया, जिसमें जयपुर की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए पुनीत माथुर के अर्धशतक की बदौलत 20 ओवर में 8 विकेट पर 145 रन बनाए। जवाब में अलवर की टीम ने अंतिम गेंद पर चौका लगाकर दो विकेट से मैच जीत लिया।
सुबह आयोजित प्रतियोगिता के उद्घाटन समारोह में पूर्व जिला परिषद सदस्य केदार मीणा ने कहा कि खिलाड़ी हार-जीत की परवाह किए बिना अपना खेल खेलें। उन्होंने प्रतियोगिता के लिए 21 हजार रुपए की घोषणा की। समारोह को पार्षद मुकेश माल, समाजसेवी भागचंद सैनी, चंद्रवीरसिंह, दौसा क्रिकेट क्लब के सदस्य राजेंद्र तिवाड़ी, क्लब के अध्यक्ष शक्तिसिंह राजावत, सचिव महेन्द्र सिद्धू, मुकेश आर गौड़, युवा गुर्जर महासभा के जिलाध्यक्ष राकेश डोई, पूर्व पार्षद बाबूसिंह गुर्जर, भवानी कसाना ने भी संबोधित किया। क्लब के अध्यक्ष राजावत ने बताया कि प्रतियोगिता में दिल्ली, अछनेरा, अलवर, जयपुर, दौसा, सवाई माधोपुर, भरतपुर सहित अन्य स्थानों की टीमें भाग ले रही हैं। प्रतियोगिता में कई रणजी खिलाड़ी भी अपने खेल का प्रदर्शन करेंगे।