बांदीकुई में होगा आरपीएफ फिजिकल टेस्ट
बांदीकुई - रेलवे सुरक्षा बल ((आरपीएफ)) के मुख्य सुरक्षा आयुक्त संजय किशोर ने कहा कि आरपीएफ कांस्टेबल की लिखित परीक्षा पास कर चुके राजस्थान के करीब 19 हजार परीक्षार्थियों का फिजिकल टेस्ट बांदीकुई के ट्रेनिंग सेंटर पर होगा। संभवतया यह कार्य 1 मार्च से शुरू होगा। इसमें पास होने वाले जवानों की ट्रेनिंग भी यहीं कराई जाएगी।
मुख्य सुरक्षा आयुक्त ने ये बात बुधवार को राज्यस्तरीय आरपीएफ ट्रेनिंग सेंटर के निरीक्षण के दौरान पत्रकार वार्ता में कही। उन्होंने कहा कि हाल ही में हुई आरपीएफ भर्ती परीक्षा में पास हुए राजस्थान के 19 हजार युवाओं की शारीरिक दक्षता की परीक्षा बांदीकुई आरपीएफ ट्रेनिंग सेंटर में होगी।
इसलिए चुना बांदीकुई : मुख्य सुरक्षा आयुक्त ने बताया कि यह सुविधा बांदीकुई ट्रेनिंग सेंटर पर पहली बार इसलिए की जा रही है कि राजस्थान के युवाओं को शारीरिक परीक्षा के दौरान बाहर नहीं जाना पड़े। उन्होंने कहा कि इसके बाद संभवतया बांदीकुई ट्रेनिंग सेंटर पर अक्टूबर में नए बैच की ट्रेनिंग शुरू होगी।
मुख्य सुरक्षा आयुक्त ने बताया कि रेलवे बोर्ड ने अब नॉर्थ व नार्थ-वेस्टर्न रेलवे के आरपीएफ जवानों के रिफ्रेशर, प्रमोशन सहित अन्य कोर्स की ट्रेनिंग के लिए बांदीकुई ट्रेनिंग सेंटर को स्थायी रूप से अधिकृत कर दिया है। इसके अंतर्गत अब नॉर्थ रेलवे में आने वाले लखनऊ, मुरादाबाद, फिरोजपुर, अंबाला, दिल्ली, जम्मू एवं उत्तर-पश्चिम रेलवे के जयपुर, अजमेर, बीकानेर में तैनात आरपीएफ जवान बांदीकुई ट्रेनिंग सेंटर पर अपने कोर्स की ट्रेनिंग लेंगे।
ऑल इंडिया इंस्पेक्टर ट्रेनिंग भी : मुख्य सुरक्षा आयुक्त संजय किशोर ने बताया कि पहली बार रेलवे बोर्ड बांदीकुई में आल इंडिया के आरपीएफ इंस्पेक्टर की ट्रेनिंग बांदीकुई में करवाने जा रहा है। 14 फरवरी से बांदीकुई में करीब 183 इंस्पेक्टर ट्रेनिंग लेंगे जबकि इससे पहले इनकी ट्रेनिंग पुलिस अकादमी में होती थी। उन्होंने बताया कि
पहली बार ट्रेनिंग बांदीकुई में होने से यहां के ट्रेनिंग सेंटर का देशभर में कीर्तिमान बढ़ेगा।
इनका किया निरीक्षण : मुख्य सुरक्षा आयुक्त ने आरपीएफ ट्रेनिंग सेंटर के नए प्रशासनिक भवन का निरीक्षण करने के दिशा-निर्देश दिए। इसके बाद उन्होंने आरपीएफ थाने का भी निरीक्षण किया।