पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
डाउनलोड करेंबांदीकुई। रेलवे क्वार्टर में आग की घटना का जायजा लेने पहुंचे रेलवे एईएन एवं उत्तर-पश्चिम रेलवे मजदूर संघ नेताओं के बीच विवाद गहरा गया। समस्या बता रहे रेलकर्मियों को गलत जवाब देने पर मजदूर संघ के पदाधिकारियों ने बुधवार सुबह एईएन कार्यालय पहुंचकर नारेबाजी की।
केबिन के समीप रेलवे क्वार्टर में आग की घटना के बाद सुबह रेलवे एईएन कुणाल सोनी मौके पर पहुंचे। इस दौरान रेल कर्मचारियों ने उनसे कहा कि क्वार्टरों के लिए आने-जाने का रास्ता नहीं है। ऐसे में कई बार घटना होने पर न तो एंबुलेंस आ पाती है और न दमकल।
इस पर रेलवे एईएन सोनी ने यह कहकर रेलकर्मियों को चुप कर दिया कि यह सड़क एवं रास्ता बनाना उनका ठेका नहीं है। एईएन के असंतोषजनक जवाब से नाराज कर्मचारियों ने घटना से उत्तर-पश्चिम मजदूर संघ के पदाधिकारियों को अवगत कराया।
यह सुनकर गुस्साए रेलवे मजदूर संघ के मंडल उपाध्यक्ष नवीन उपाध्याय, शाखा अध्यक्ष आर.के. मीणा, लोकेश नारद, धानसिंह माल, डी.एन. तिवाड़ी, सुरेश वर्मा सहित अन्य रेल कर्मचारी नेता सुबह 11 बजे एईएन कार्यालय पहुंचे और एईएन के खिलाफ नारेबाजी करना शुरू कर दिया।
रेलवे नेताओं ने कहा कि एईएन ने पीडि़त रेल कर्मचारी को सांत्वना तो दी नहीं बल्कि उसके साथ दुव्र्यवहार किया। उनका कहना था कि सुबह जब एईएन को इस मामले की सूचना दी तो उन्होंने पहले तो जाने से मना कर दिया बाद में वहां गए तो कर्मचारियों की समस्या भी नहीं सुनी।
घटना को लेकर मजदूर संघ नेताओं ने डीआरएम को अवगत कराया। संघ के मंडल उपाध्यक्ष नवीन उपाध्याय ने बताया कि इस मामले को लेकर अब संघ के उच्च पदाधिकारियों से वार्ता करने के बाद स्टेशन पर आंदोलन किया जाएगा।
Copyright © 2021-22 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.