- Hindi News
- 24 दिन से बंद भूमि शाखा का तुड़वाया ताला
24 दिन से बंद भूमि शाखा का तुड़वाया ताला
कासं - बांदीकुई
नगरपालिका के भूमि एवं स्टोर शाखा पर 24 दिनों से लटके तालों को गुरुवार को पालिका ने पुलिस एवं प्रशासन की मौजदूगी में तुड़वा दिए। इससे अब पट्टे एवं एनओसी की इंतजार कर रहे लोगों को राहत मिलेगी।
6 जनवरी से पालिका का भूमि एवं स्टोर शाखा प्रभारी ताला लगाकर नदारद हो गया। बिना कोई अवकाश एवं सूचना दिए कर्मचारी के गायब रहने से पहले तो पालिका ने काफी दिनों तक इंतजार किया। नोटिस भिजवाने एवं समाचार पत्रों के माध्यम से सूचना प्रकाशित कराने के उपरांत भी संबंधित कर्मचारी के कार्यालय में उपस्थित नहीं हुआ।
इसलिए उठाया कदम
भूमि एवं स्टोर शाखा पर करीब 24 दिनों से ताला लटका होने से विशेष रूप से पट्टा एवं भवन निर्माण स्वीकृति चाहने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। रोजाना लोग ताला खुलने की इंतजार में पालिका के चक्कर लगा रहे थे। काफी दिनों इंतजार करने के बाद भी कर्मचारी के उपस्थित नहीं होने से इन दिनों राज्य सरकार के चल रहे प्रशासन शहरों के संग अभियान कार्य भी ठप हो गया था। ऐसे में पालिका को ताला तुड़वाने की कार्रवाई करनी पड़ी।
ये रहे मौजूर्द
पालिका अधिशाषी अधिकारी नरसीलाल मीणा ने बताया कि हमने कर्मचारी को उपस्थित होने के लिए काफी प्रयास किए। इसके बावजूद कर्मचारी उपस्थित नहीं हुआ तो चेयरमैन रमेशचंद बैरवा के निर्देश पर ताला तुड़वाने के लिए पुलिस एवं प्रशासन, पार्षद एवं कर्मचारियों की 10 सदस्यीय कमेटी गठित की गई। इसकी पालना में गठित कमेटी में एसडीएम की ओर से नायब तहसीलदार वासुदेव शर्मा, वाइस चेयरमैन राकेश तिवाड़ी, पार्षद राधेश्याम सैनी, अरूण वर्मा, रामस्वरूप सैनी सहित पुलिस की मौजूदगी ताले तुड़वाए गए।
कई दिन लगेंगे फाइलें संभालने में
पालिका ईओ नरसीलाल मीणा ने बताया कि भूमि शाखा में हजारों पत्रावलियां हैं। ऐसे में इन्हें सूचीबद्ध करने के लिए काफी दिन लग जाएंगे। इस काम के लिए कार्यालय सहायक राजेन्द्र चतुर्वेदी को जिम्मेदारी सौंपी गई है।