अभिभाषक गरिमा बनाए रखें
भास्कर न्यूज - मालपुरा
हाई कोर्ट जज महेश चंद शर्मा ने अभिभाषकों से कहा है कि देश, समाज व न्यायालयों में गुणवत्ता पूर्ण कार्यों के लिए अभिभाषकों को अपनी गरिमा ऊंची रखना जरूरी है। अभिभाषकों के युक्तियुक्त कार्य छोड़कर कानूनी विसंगतियों का लाभ उठाने का चलन बढऩे से आज देश व समाज प्रभावित हो रहा है। उन्होंने कहा कि अभिभाषकों को अपना स्वाभिमान बढ़ाना होगा। अभिभाषक की जिम्मेदारी है कि सही मामलों की पैरवी करें।
हाई कोर्ट जज बुधवार को विजयवर्गीय सेवा सदन के सभा भवन में मालपुरा अभिभाषक संघ की नवीन कार्यकारिणी के शपथ ग्रहण समारोह में बतौर मुख्य अतिथि वकीलों को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि आज देश की राजनीति में वकीलों की आवश्यकता है, जिससे आए दिन बनाए जा रहे नए नए कानूनों के बारे में सही जानकारी दी जा सके। आजकल न्यायालयों में झूठे केस ज्यादा आते हैं। ऐसे में अभिभाषक देश व समाज तथा कानून व्यवस्था के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाएं। अभिभाषक कोर्ट के फैसले के साथ-साथ समाज व देश को बदल सकते हैं, परंतु इसके लिए मोरल वेल्यू हाई होना जरूरी है। देश के कानूनों के लिए आज बडी कांफ्रेंस की जरूरत है, जहां बैठ कर देश के प्रमुख कानूनों की समीक्षा के बाद सही दिशा दे सके।
इस अवसर पर जिला जज पृथ्वीराज, अपर जिला जज राजेंद्र कुमार, अतिरिक्त मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रेम राजेश, मुंसिफ मजिस्ट्रेट सरिता धाकड़ व एसडीएम कैलाश चंद शर्मा, डीएसपी दुर्ग सिंह राजपुरोहित, तहसीलदार योगेश देवल, पालिकाध्यक्ष सुभाष गालव व बार के सभी सदस्य उपस्थित थे। मुख्य अतिथि हाई कोर्ट जज महेश चंद शर्मा ने अभिभाषक संघ के नवनिर्वाचित अध्यक्ष पुरुषोत्तम सैनी व उनकी कार्यकारिणी के सभी पदाधिकारियों को पद की शपथ दिलाई।
पूर्व अध्यक्ष बद्रीलाल जाट ने नए अध्यक्ष को पदभार स्थानांतरित किया। संघ अध्यक्ष पुरुषोत्तम सैनी एडवोकेट ने अतिथियों का स्वागत किया व आभार जताया। उन्होंने मालपुरा में रिक्त चल रहे एडीजे के पद को शीघ्र भरने की आवश्यकता जताई। वरिष्ठ अभिभाषक राजकुमार जैन ने शीघ्र व सस्ता न्याय के लिए मालपुरा में रिकार्ड रूम स्थापित करने, देवली के प्रकरणों को मालपुरा कोर्ट में स्थानांतरित करने व सोडाबावड़ी पंचायत को डिग्गी थाने के क्षेत्र में करने व एसएसी प्रकरणों की सुनवाई मालपुरा में करने एवं फैमिली कोर्ट का मालपुरा में कैंप लगाने की आवश्यकता जताई। हाई कोर्ट जज ने अभिभाषकों से कहा कि वे अपनी मांगों को लिखित रूप में हाई कोर्ट भेजे, जिससे इन पर शीघ्र कार्रवाई की जा सके। इससे पूर्व मालपुरा आगमन पर पुलिस के जवानों ने हाई कोर्ट जज महेश चंद शर्मा को सशस्त्र सलामी दी।