विकास के लिए आपसी सौहार्द-भाईचारा जरूरी
भास्कर न्यूज - मालपुरा
उपखंड स्तरीय मुख्य गणतंत्र दिवस समारोह के मुख्य अतिथि एसडीएम कैलाश चंद शर्मा ने हजारों छात्र छात्राएं व नागरिकों की मौजूदगी में राष्ट्रीय ध्वज फहराया। आरएसी के जवानों ने राष्ट्रीय ध्वज को सशस्त्र सलामी दी तथा एनसीसी, स्काउट व एनएसएस के छात्र छात्राओं ने मार्च पास्ट कर ध्वज सलामी दी। इस अवसर पर मुख्य अतिथि ने देश की आजादी के लिए बलिदान होने वाले वीर जवानों आजादी के दीवानों को नमन किया। उन्होंने आजादी व देश की सुरक्षा के साथ-साथ समाज, गांव, जिले व प्रदेश तथा देश के विकास के लिए नागरिकों में आपसी सौहार्द व भाईचारा बनाए रखने की आवश्यकता जताई। इस अवसर पर उपखंड के सरकारी कार्यालयों व सामाजिक क्षेत्र के अलावा खेलकूद की प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया। समारोह में मिडिल स्कूल के करीब तीन सौ छात्र छात्राओं ने व्यायाम प्रदर्शन किया व स्कूली छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया। समारोह में डीएसपी डॉ. दुर्ग सिंह राजपुरोहित , तहसीलदार योगेश देवल सहित सभी पुलिस व प्रशासनिक अधिकारी व शाला प्रधान के अलावा कर्मचारी व नागरिक उपस्थित थे। गणतंत्र दिवस के अवसर पर नगर पालिका की ओर से स्कूली छात्रों को मिठाई वितरित की गई। शहर के नगर पालिका, कृषि मंडी, बार एसोसिएशन, न्यायिक भवन, पुलिस भवन, उपखंड अधिकारी कार्यालय, पंचायत समिति व हायर सेकंडरी स्कूल छात्र तथा गल्र्स हायर सेकंडरी स्कूल, निजी शिक्षण संस्थाओं में भी ध्वजारोहण किया गया व समारोह हुए।
छात्राओं ने किया व्यायाम प्रदर्शन
टोडारायसिंह - गणतंत्र दिवस की 64वीं वर्षगांठ धूमधाम से मनाई गई। इस अवसर पर राजकीय व गैर राजकीय स्थलों पर तिरंगा फहराया गया। टोडारायसिंह में राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय के खेल मैदान पर नगरपालिका की ओर से आयोजित मुख्य समारोह स्थल पर भव्य समारोह आयोजित किया गया, जिसमें मुख्य अतिथि एसडीएम डॉ.सूरजसिंह नेगी ने ध्वजारोहण कर मार्चपास्ट की सलामी ली तथा नागरिकों को संबोधित कर गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं दी। स्कूली छात्र-छात्राओं ने व्यायाम प्रदर्शन किया जिसे शारीरिक शिक्षक मुरलीधर शर्मा, कैलाश स्वामी, नंदकिशोर बंबेरवाल व रतनलाल माली ने निर्देशन किया। एसडीएम सूरजसिंह ने इस अवसर पर उपखण्ड स्तर पर उत्कृष्ट कार्य करने वाले दैनिक भास्कर के पत्रकार सुभाष पांडे सहित अन्य विभागीय कार्मिकों तथा अच्छे अंकों से पास होने वाले छात्र-छात्राओं को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया है। कार्यक्रम में दिगंबर जैन पब्लिक स्कूल, केशव विद्या मंदिर व टैगोर माध्यमिक स्कूल के छात्र-छात्राओं ने सांस्कृतिक कार्यक्रम पेश कर सबका मनोरंजन किया। इस अवसर पर कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे क्षेत्रीय विधायक कन्हैयालाल चौधरी ने नागरिकों को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं दी तथा कहा कि वे क्षेत्र के विकास के लिए कटिबद्ध है इसे सबके सहयोग से करवाया जाएगा। उनकी मंशा है कि वर्षों से पिछड़े इस क्षेत्र में विकास के नए आयाम स्थापित कर एक नई दिशा दी जाए। कार्यक्रम के पश्चात सबको गणतंत्र दिवस की मिठाई वितरित की गई। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि नगरपालिका अध्यक्ष अनिता सुवालका, तहसीलदार औंकार मल जाट, नायब तहसीलदार मंजूर अहमद, विकास अधिकारी विनेश धायल, पुलिस थाने के सीआई डूंगरसिंह सहित कस्बे के प्रबुद्ध नागरिक उपस्थित थे।
यहां भी किया गया झंडारोहण
गणतंत्र दिवस पर कस्बे में भारतीय जनता पार्टी शहर मंडल कार्यालय पर मुख्य अतिथि विधायक कन्हैयालाल चौधरी ने झण्डारोहण किया तथा कार्यक्रम की अध्यक्षता शहर अध्यक्ष संतकुमार जैन ने की। इसी प्रकार कांग्रेस कार्यालय पर पूर्व विधायक घासीलाल चौपड़ा ने, पेंशनर्स कार्यालय पर अध्यक्ष छीतरलाल शिल्पकार ने, अभिभाषक संघ कार्यालय पर अध्यक्ष एडवोकेट रवि सौगाणी ने, खादी भंडार पर सचिव ने, उपखण्ड कार्यालय पर एसडीएम ने, तहसील कार्यालय पर तहसीलदार ने, नगरपालिका पालिका अध्यक्ष अनिता सुवालका ने, पंचायत समिति कार्यालय पर विकास अधिकारी ने, नरेगा कार्यालय, पीडब्लूडी, विद्युत कार्यालय, जलदाय कार्यालय, सिविल न्यायालय पर झंडारोहण किया तथा मिठाइयां बांटी। ग्रामीण क्षेत्र के ग्राम गणेती की राजकीय उच्च माध्यमिक स्कूल में गणतंत्र दिवस धूमधाम से मनाया गया वहां भामाशाह धन्नालाल चौधरी, शिवराज सिंह गणेता, परशुराम पटवारी, यज्ञनारायण शर्मा वरिष्ठ लिपिक, अशोक कोठारी टोडारायसिंह ने अपनी ओर से 35 विद्यार्थियों को जर्सियां व पेंट वितरित किए। झण्डारोहण प्रधानाचार्य हरिनारायण वैष्णव ने किया तथा सरपंच रामकन्या चौधरी ने अध्यक्षता की। कंवरावास में मुख्य अतिथि एवं भामाशाह ठा.रूपसिंह राजावत ने झण्डारोहण किया। अध्यक्षता उपसरपंच प्रहलाद गुर्जर ने की तथा विशिष्ट अतिथि सुबेदार किशनलाल मीणा, उगम लाल गुर्जर, सचिव महावीर प्रसाद गौड़, भाजपा पंचायत ईकाई अध्यक्ष कृष्णमुरारी गुर्जर थे। मंच संचालन अशोक कुमावत ने किया। इसी तरह सभी ग्रामीण क्षेत्र की स्कूलों व कार्यालयों पर भी 26 जनवरी की वर्ष गांठ धूमधाम से मनाई गई।
विद्यार्थियों ने दी सलामी
निवाई - गणतंत्र दिवस का मुख्य समारोह राजकीय सीनियर हायर सेकंडरी स्कूल मैदान में हर्षोल्लास के साथ आयोजित किया जाएगा। सुबह 9: 30 बजे मुख्य समारोह में एसडीएम महेश नारायण शर्मा ने ध्वजारोहण कर विद्यार्थियों द्वारा आयोजित परेड की सलामी ली। गणतंत्र दिवस समारोह में परेड, योग व्यायाम, स्काउट प्रदर्शन, सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए गए। इस अवसर पर उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारी-कर्मचारियों व प्रतिभावान विद्यार्थियों को पुरस्कृत किया गया। इधर भारतीय जनता पार्टी की ओर से दो जगह झंडारोहण हुए। प्रतिवर्ष की भांति दामोदरजी के कुंडों के सामने स्थित देहात कार्यालय पर शहर मंडल की ओर से ध्वजारोहण का कार्यक्रम आयोजित हुआ। इधर विधायक हीरालाल रैगर ने अपने समर्थकों के साथ पाटनी कॉम्पलेक्स पर पार्टी की ओर से ध्वजारोहण किया।
इन्होंने किया ध्वजा रोहण
उपखण्ड कार्यालय में उपखण्ड अधिकारी महेश नारायण शर्मा, पुलिस उपाधीक्षक कार्यालय में वृत्ताधिकारी सुनील कुमार, तहसील कार्यालय में तहसीलदार युगान्तर शर्मा , पंचायत समिति में बीडीओ वी.सी. बंसल, नगरपालिका में अधिशाषी अधिकारी संजय देवल, कृषि उपज मंडी समिति कार्यालय में मंडी सचिव हरिनारायण यादव, बीएसएनएल कार्यालय पर उप मंडल अभियंता त्रिलोक चन्द जैन, रानी लक्ष्मीबाई कन्या महाविद्यालय में विधायक हीरालाल रैगर ने झंडारोहरण किया। पटेल रोड स्थित कांग्रेस कार्यालय सुबह 8 बजे ध्वजारोहण हुआ। इसी प्रकार सिरस संवाददाता के अनुसार - गणतंत्र दिवस पर गांव सिरस में स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में सरपंच रेखा पारीक ने ध्वजारोहण किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रधानाध्यापक सुरेश चन्द गुर्जर ने की। इसी प्रकार गांव बस्सी में सरपंच बीरबल मीणा व पराणा में सरपंच छगनुदेवी व वजीराबाद में प्रधानाचार्य हनुमानप्रसाद शर्मा ने ध्वजारोहण किया।
निवाई - गणतंत्र दिवस पर राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में आयोजित मुख्य समारोह में श्रेष्ठ कार्य करने वाले 29 अधिकारी-कर्मचारियों व 11 प्रतिभावान छात्र-छात्राओं का सम्मान किया गया। एसडीएम महेशनारायण शर्मा ने बताया कि रघुवीरसिंह मीणा व्याख्याता को विधानसभा चुनाव के दौरान एसएसटी दल में सराहनीय कार्य करने पर, थानाधिकारी फूलचन्द मीणा विधानसभा चुनाव के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने, बुद्धिप्रकाश शर्मा कनिष्ठ लिपिक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण पदाधिकारी कार्यालय, स्काउटिग के क्षेत्र सराहनीय कार्य करने पर वरिष्ठ अध्यापक डांगरथल शंकरलाल बलाई, अति. ऑफिस कानूनगो जगदीश शर्मा निवाई व नन्दलाल शर्मा दत्तवास, शारीरिक शिक्षक गुन्सी संजय कुमार शर्मा, साक्षरता ब्लाक कॉडिनेटर मांगीलाल वर्मा, सुरेन्द्र चौधरी लिपिक मनरेगा कार्यालय, गजानन्द सैन ग्राम सेवक हिगोनिया, घनश्याम शर्मा वरिष्ठ अध्यापक करेडा, अनुसुरया शर्मा वरिष्ठ अध्यापिका निवाई को आर्थिक गणना 2013 में उत्कृष्ट कार्य करने पर सम्मानित किया गया। इसी प्रकार शारीरिक शिक्षक दत्तवास सूरजमल बैरवा, बीएलओ राजमल मीणा, गोपाललाल मीणा, गिर्राज मीणा पटवारी चतुर्भुजपुरा, चित्रांश माथुर तहसील कार्यालय, पारसमल जैन वरिष्ठ लिपिक सीदडा, संतोषकुमार शर्मा कनि. लिपिक सुनारा, किशनलाल खंगार वाहन चालक, कानि.शंकरलाल चालक व शंभूसिंह वाहन चालक को निष्ठा से कार्य करने पर सम्मानित किया गया। उन्होंने बताया कि सहायक कर्मचारी रामप्रसाद शर्मा, कानि. जितेन्द्र व कानि. हंसराज, वन रक्षक आत्माराम जाट, 108 एंबुलेंस पायलट रामअवतार व शक्ति सिंह ईएमटी, चालक मक्खनलाल को सम्मानित किया जाएगा। गणतंत्र दिवस के मुख्य समारोह में राष्ट्रीय स्तरीय खेल प्रतियोगिता, राज्य स्तरीय खेल प्रतियोगिताओं में विशेष स्थान प्राप्त करने वाले खिलाडियों को भी सम्मानित किया गया। उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय स्तर पर फुटबॉल प्रतियोगिता में सौरभ सुलानिया मा.सरस्वती विद्यामंदिर, राज्य स्तरीय खो-खो प्रतियोगिता में देवराज गुर्जर रा.उ.मा.विद्यालय निवाई, पंकजसिंह राजावत, शिवनन्द गुर्जर, खुशीराम चौधरी व रामधन गुर्जर को योग्यता प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। इसी प्रकार प्रतियोगिताओं में स्वर्ण पदक प्राप्त खिलाडी मुकेशकुमार जांगिड़, अनिल कुमार शर्मा इसराज खान, साहेब खा व मंशाराम को सम्मानित किया गया।
अनस अली व सियाराम को ट्रॉफी
टोंक - राजकीय महाविद्यालय के रवींद्र उद्यान में प्राचार्य डॉ. निशा भट्ट ने ध्वजारोहण किया। इस अवसर पर छात्र अनस अली व सियाराम को अंतविश्वविद्यालय शतरंज प्रतियोगिता में विजयी होने पर ट्रॉफी प्रदान की गई। कार्यक्रम में व्याख्याता रघुवीर सिंह मीणा को जिला प्रशासन की ओर से विधानसभा चुनाव में अच्छे कार्य किए जाने पर सम्मानित किया। कार्यक्रम का संचालन प्रो. निर्मल जैन ने किया। राजकीय कन्या महाविद्यालय में प्राचार्य डा. मीरा चंद्रावत ने झंडारोहण किया। महाविद्यालय में प्रो. एस.एन. खींची, डॉ. शकीला नकवी, प्रो. जे.पी. वर्मा सहित अनेक लोग उपस्थित थे। राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय कोठी नातमाम में प्रधानाचार्य मोहनलाल मीणा ने ध्वारोहण किया। राजकीय दरबार उच्च माध्यमिक विद्यालय में संस्था प्रधान ओमप्रकाश महावर ने ध्वजारोहण किया। जवाहर व्यापार संघ ने बडा कुआं के पास झंडारोहण किया।