नहीं हटीं घरों के ऊपर से हाइटेंशन लाइन
मालपुरा - शहर के जयपुर रोड स्थित शास्त्रीनगर आवासीय कॉलोनी में घरों के ऊपर
होकर जा रहे 11 केवी विद्युत लाइन के तारों के कारण यहां के
वाशिंदों को दहशत भरा जीवन जीना पड़ रहा है। इस हाईटेंशन विद्युत लाइन के कारण कई परिवारों के लोगों को अपने घर की छत पर चढ़े वर्षों बीत गए। लोगों दहशत है कि कभी भी बिजली का तार टूट कर गिरे तो किसी की भी जान जा सकती है।
परेशान कॉलोनी वासियों ने कई बार बिजली निगम के अधिकारियों को पत्र लिख कर इस दहशत भरी जिंदगी से निजात दिलाने की गुहार की परंतु किसी ने नहीं सुनी। यहां तक विधायक विकास कोष से विधायक द्वारा घरों पर से गुजर रही 11 केवी विद्युत लाइन को शिफ्ट करने के लिए 22 जनवरी 2013 को करीब एक लाख रुपए स्वीकृत भी किए गए परंतु आज तक पीडितों को राहत नहीं मिली। परेशान कॉलोनीवासी मुरलीधर शर्मा कन्हैयालाल सहित अन्य लोगों ने हाल ही में विधायक कन्हैयालाल चौधरी से भी घरों पर से जा रही बिजली की इस लाइन को हटाने की गुहार की है।
उधर जयपुर विद्युत वितरण निगम लिमिटेड मालपुरा की ओर से जयपुर रोड पर बने घरों के ऊपर से गुजर रही इस विद्युत लाइन को शिफ्ट करने के लिए करीब 16 लाख का अनुमानित व्यय का विवरण पत्र दिया है।
खंडेलवाल समाज के चुनाव स्थगित
टोंक - खंडेलवाल वैश्य सेवा समिति के होने वाले चुनाव किन्हीं कारणों के चलते स्थगित किए गए हैं। समिति के अध्यक्ष मथुरादास भगत ने बताया कि 2 फरवरी को होने वाले समिति के चुनाव अपरिहार्य कारणों के चलते स्थगित कर दिए गए हैं। आगामी तिथि की घोषणा शीघ्र की जा सकेगी।