विद्यार्थियों को जर्सियां बांटी
मालपुरा - राजस्थान शिक्षक संघ राष्ट्रीय के शिक्षकों ने कर्तव्य बोध पखवाड़े के अंतर्गत सामाजिक सरोकार कार्यक्रम आयोजित कर राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय टाउन नंबर चार के जरूरतमंद एवं प्रतिभावान छात्रों को सर्दी से बचाव के लिए ऊनी जर्सियां बांटी।
इस अवसर पर संघ के अध्यक्ष जगदीश गुर्जर ने छात्रों को कहा कि वे शिक्षा प्राप्त करने के लिए गुरुजनों के सानिध्य में रहें तथा शिक्षा के साथ साथ संस्कारित व ज्ञानवान भी बने। कार्यक्रम में मंत्री अरविंद टाक, विमलेश शर्मा,सीताराम आचार्य, राजेंद्र प्रसाद , अरविंद त्रिपाठी , रामस्वरूप चौधरी, बंशीलाल , भंवर लाल सहित सभी संघ के सदस्य व पदाधिकारी उपस्थित थे। संस्था प्रधान रामनिवास सैनी ने राजस्थान शिक्षक संघ राष्ट्रीय की मालपुरा शाखा का आभार जताया।
जिला स्तरीय संपर्क समाधान शिविर कल
टोंक - जिला स्तरीय संपर्क समाधान शिविर शुक्रवार को सुबह 11 बजे से सायं 5 बजे राजीव गांधी भारत निर्माण सेवा केन्द्र कलेक्ट्रेट टोंक में आयोजित किया जाएगा। कलेक्टर डॉ. टीना कुमार ने बताया कि संपर्क समाधान शिविर में जनसमस्याओं का निराकरण किया जाएगा। उन्होंने निर्देश दिए है कि सभी अधिकारी जनसुनवाई व सुगम समाधान के प्रकरणों का निस्तारण कर प्रगति रिपोर्ट लेकर नियत स्थान पर उपस्थित होने की सुनिश्चितता करें।