- Hindi News
- बीडीओ व तहसीलदार से होगी रुपयों की वसूली
बीडीओ व तहसीलदार से होगी रुपयों की वसूली
भास्कर न्यूज - मालपुरा
निवर्तमान सरकार की सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना का ज्यादा से ज्यादा लोगों को लाभ देकर लक्ष्य पूरे करने के चक्कर में मालपुरा उपखंड के ग्रामीण क्षेत्र के कई अपात्र लोगों को पेंशन स्वीकृत करने वाले मालपुरा के बीडीओ व तहसीलदार से करीब 1 लाख 62 हजार 231रुपए की वसूली की जाएगी।
उक्त अधिकारियों द्वारा जारी की गई स्वीकृति के आधार पर पेंशन राशि का मनीआर्डर जारी कर दिए जाने वाले उपकोषाधिकारी कार्यालय ने अपात्र लोगों को पेंशन राशि कर दिए जाने के बाद पता चलने पर बीडीओ व तहसीलदार को पत्र लिख कर उक्त राशि की वसूली किए जाने की कार्रवाई से अवगत कराया गया है। उपकोषाधिकारी कार्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार बीडीओ द्वारा 95 अपात्र लोगों की पेंशन स्वीकृत कर दी गई इन लोगों में ऐसे महिला पुरुष शामिल है जिनके पुत्र सरकारी नौकरियों में है या फिर एक व्यक्ति को दोबारा स्वीकृति जारी की गई है। इसी प्रकार तहसीलदार मालपुरा की ओर से 44 अपात्रों को पेंशन स्वीकृत करने का मामला उजागर हुआ है।
उपकोषाधिकारी कार्यालय की ओर से जारी किए गए वसूली पत्र के बाद हालांकि बीडीओ ने 6 हजार रुपए जमा करा दिए हैं जबकि तहसीलदार ने अपात्रों को जारी पेंशन राशि वापस वसूल कर 15 हजार रूप उपकोष कार्यालय में जमा कराए है। कुल 139 अपात्र लोगों को पेंशन स्वीकृत कर दिए जाने की जानकारी तब लगी जब उपकोष कार्यालय से एक ही नाम के दो दो पेंशन प्रकरण सामने आए या फिर बीडीओ व तहसीलदार को सरकारी नो करी करने वाले पुत्र के माता पिताओं को पेंशन स्वीकृत करने की शिकायतें गांव वालों से या अन्य सूचना माध्यम अथवा जांच के दौरान मिली। क्या कहते है उपकोषाधिकारी-उपकोषाधिकारी मालपुरा ताराचंद जैन का कहना है कि बीडीओ व तहसीलदार द्वारा स्वीकृत किए गए पेंशन के मामलों में कुल 139 अपात्र लोगों को पेंशन मंजूर करने का मामला उजागर होने के बाद ऐसे सभी लोगों को पेंशन राशि के मनीआर्डर भेजना बंद दिया गया तथा बीडीओ व तहसीलदार को अब जारी की गई राशि की वसूली के संबंध में पत्र प्रेषित किया है। वसूली की जिम्मेदारी उन्हीं अधिकारियों की है जिन्होंने पेंशन मंजूर की है।हालंाकि अब ऐसे लोगों को पेंशन के मनीआर्डर बंद कर दिए गए हैं।
बीडीओ ही अधिकृत
तहसीलदार योगेश सिंह देवल का कहना है कि ग्रामीणों को पेंशन जारी करने के लिए बीडीओ अधिकृत है उनकी रिपोर्ट के आधार पर हमने स्वीकृत किया है। बीडीओ पीपीओ केंसिल करे जब बंद होगी पेंशन। हमने ही तो बताया था कि कई गलत लोगों के पेंशन जा रही है ओर हमारे पर ही वसूली का बोझ रख दिया गया। हालांकि वसूली करेंगे परंतु अब तो पेंशन के मनीआर्डर जारी करना बंद किया जाए।
मुझे जानकारी नहीं
पंचायत समिति के बीडीओ विनेश कुमार का कहना है कि इस संबंध में मुझे कोई जानकारी नहीं है पता किया जाएगा कि क्या मामला है।
मालपुरा : अपात्रों को पेंशन मंजूर का मामला