तेज सर्दी से पटरी टूटी
भास्कर न्यूज - हिंडौन ग्रामीण
दिल्ली-मुंबई रेल मार्ग पर हुक्मीखेड़ा रेलवे स्टेशन के पास बुधवार सर्दी से पटरी में फ्रैक्चर हो गया। इससे कई ट्रेनों को रास्ते के स्टेशन पर रोकना पड़ा तथा बाद में ट्रेनों को पेपर ऑथरिटी से धीमी गति से निकाला गया। इंजीनियरिंग विभाग के अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर फ्रैक्चर वाली पटरी को हटवाकर नई पटरी बदलवाई। इसके बाद ही ट्रेनों का संचालन सुचारू हो पाया। रेलवे सूत्रों ने बताया कि बुधवार हुक्मीखेड़ा के पास खंभा नंबर 1145/26-28 पर डाउन लाइन की पटरी में सर्दी से फ्रैक्चर हो गया। इसकी सूचना ड्यूटी कर रहे गैंगमेन ने इंजीनियरिंग विभाग के अभियंता एवं स्टेशन अधीक्षक को दी। स्टेशन अधीक्षक त्रिलोकचंद राजौरा ने बताया कि पटरी में आए फ्रैक्चर की सूचना पर भावनगर से आसनसोल जा रही पारसनाथ एक्सप्रेस ट्रेन को काफी देर तक हिंडौन रेलवे स्टेशन पर रोका गया। इस ट्रेन का हिंडौन में ठहराव नहीं है। इसी तरह आगरा-कोटा ट्रेन को आधा घंटे से ज्यादा रेलवे स्टेशन पर रोका गया। बाद में नई पटरी बदलने के लिए किए गए मरम्मत कार्य के चलते ट्रेनों को सतर्कता आदेश पर 20 किमी की रफ्तार से आगे निकाला गया।
दूरसंचार अभियंता ने किया निरीक्षण ((हिंडौन ग्रामीण)) : मुख्य संकेत एवं दूरसंचार अभियंता जबलपुर ने बुधवार को श्रीमहावीरजी रेलवे स्टेशन का निरीक्षण किया। इस दौरान सिग्नल व्यवस्था का जायजा लिया गया। स्टेशन अधीक्षक अशोक शर्मा ने बताया कि मुख्य संकेत एवं दूरसंचार अभियंता एसके त्रिपाठी एवं कोटा के दूरसंचार अभियंता बीएल बरमदा ने श्रीमहावीरजी रेलवे स्टेशन का निरीक्षण किया और सिग्नल व्यवस्था में सुधार के लिए अभियंताओं को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
कई ट्रेनों को रोका, बाद में धीमी गति से निकाला