४० फुट सूखे कुएं में गिरा बालक
भास्कर न्यूज - हिंडौन ग्रामीण
गांव मौसलपुर((टोड़ाभीम)) में बीती रात सूखे कुएं में गिरने से 8 वर्षीय बालक गंभीर घायल हो गया। करीब दो घंटे बाद परिजन एवं ग्रामीणों ने 40 फुट गहरे सूखे कुएं में गिरे बालक को घायलावस्था में बाहर निकाला और हिंडौन के राजकीय अस्पताल में भर्ती कराया। जहां से डॉक्टरों ने हालत गंभीर होने से बालक को जयपुर रेफर कर दिया है।
मौसलपुर की निवासी बालक की मां सुनीता मीणा ने बताया कि गुरुवार की रात वह अपने पुत्र शिवम ((8)) के साथ अपनी सास के पास सो रही थी। नींद खुलने पर उसका पुत्र नहीं मिला। सास से जानकारी मिलने पर बताया कि रात 10 बजे शिवम को सुनीता का पति बबलू मीणा ले गया। इस पर सुनीता अपने पति के पास गई तो वहां शिवम नहीं मिला। पुत्र के नहीं मिलने पर तलाश की गई तो परिजन कमल मीणा को गांव के सूखे कुए सं शिवम के रोने की आवाज सुनाई दी। इस पर रात करीब 12 बजे कुएं में गिरे शिवम को बाहर निकालकर हिंडौन के राजकीय अस्पताल में भर्ती कराया। मेडिकल ज्यूरिस्ट डॉ. ए.एस.मीणा ने बताया कि
बालक की हालत गंभीर होने पर जयपुर रेफर कर दिया है। सुनीता मीणा के भाई कुडगांव निवासी बाबू सिंह ने बताया कि उसकी बहन सुनीता एवं जीजा बबलू
मीणा के बीच 5 साल से आपसी विवाद चल रहा है। पूर्व में उसकी बहन सुनीता को प्रताडि़त करने पर बबलू मीणा के खिलाफ थाने में मामला दर्ज कराया गया था। यही नहीं बबलू मीणा आए दिन सुनीता के साथ मारपीट करता है।