- Hindi News
- हिंडौन अस्पताल में बेड व कंबलों की कमी नहीं
हिंडौन अस्पताल में बेड व कंबलों की कमी नहीं
कासं - हिंडौन सिटी
यहां महवा रोड रेलवे फाटक पर ओवरब्रिज का निर्माण कर रही इरकॉन कंपनी ने शहर के राजकीय अस्पताल में बेड, गद्दे और कंबल उपलब्ध करवाए हैं। इरकॉन कंपनी की ओर से सामाजिक उत्तरदायित्व बोध योजना के तहत उपलब्ध करवाए गए इन सामानों के बाद अब मरीजों को परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा।
शहर का राजकीय अस्पताल क्षेत्र के कई गांवों से जुड़ा हुआ है। जहां प्रतिदिन काफी संख्या में मरीज उपचार कराने के लिए आते हैं। राजकीय अस्पताल में आने वाले मरीजों की संख्या अधिक होने पर कई बार बेड के अभाव में जमीन पर लेटाकर उपचार देने की डॉक्टरों की मजबूरी बन जाती है। बैड और कंबल उपलब्ध करवाने के लिए राजकीय अस्पताल प्रभारी डॉ.. नमोनारायण मीणा ने प्रस्ताव बनाकर एसडीएम कमरुद्दीन को दिया था। एसडीएम कमरुद्दीन ने पहल करते हुए इरकॉन के मुख्य परियोजना प्रबंधक, जयपुर को राजकीय अस्पताल में बैड और कंबल उपलब्ध करवाने के लिए पत्र भेजा था।
इस पर शुक्रवार को इरकॉन कंपनी की ओर से सामाजिक उत्तरदायित्व बोध योजना के तहत राजकीय अस्पताल में बैड, कंबल, गद्दे, तकिया, बैडशीट आदि उपलब्ध कराए गए है। इरकॉन के प्रभारी इंजीनियर वनमाली साहू ने बताया कि कंपनी की ओर से राजकीय अस्पताल में 50 बेड, 50 कंबल, 150 गद्दे, 100 बेडशीट, 100 तकिया एवं तकिया कवर दिए गए है। जिनकी कीमत करीब 10 लाख रुपए है।
इस अवसर पर एसडीएम कमरुद्दीन, इरकॉन जयपुर के मुख्य परियोजना प्रबंधक उदयवीर सिंह, संयुक्त महाप्रबंधक सुनील सिंह, सहायक प्रबंधक सलील श्रीवास्तव, उपप्रबंधक नरेंद्र, ब्रह्मपुत्र कंपनी के प्रबंधक वाईवी सिंह, राजकीय अस्पताल प्रभारी डॉ. नमोनारायण मीणा आदि मौजूद थे।