विकास अधिकारी से मांगी जांच रिपोर्ट
भास्कर न्यूज - ढिंढोरा
जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी ने ग्राम पंचायत ढिंढोरा में कराए गए निर्माण कार्यों में बरती गई अनियमितता की शिकायत मिलने पर हिंडौन के विकास अधिकारी से जांच रिपोर्ट मांगी है। ढिंढोरा निवासी रामबाबू डागुर ने जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी को शिकायत की थी कि ग्राम पंचायत ढिंढोरा में सरपंच व सचिव की मिलीभगत से कराए जा रहे सड़क निर्माण कार्य एवं अन्य सरकारी योजनाओं में अनियमितता बरती जा रही है। ठेकेदार सड़क निर्माण में घटिया सामग्री का उपयोग कर रहा है। इस पर मुख्य कार्यकारी अधिकारी ने मामले की जांच कर सात दिन में हिंडौन विकास अधिकारी को जांच रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए है।