- Hindi News
- अधिकतर शिकायतें नगर परिषद की, आयुक्त को फटकार
अधिकतर शिकायतें नगर परिषद की, आयुक्त को फटकार
कार्यालय संवाददाता - गंगापुर सिटी
पंचायत समिति सभागार में शुक्रवार को कलेक्टर पूनम ने जनसुनवाई की। लंबित पड़े मामलों और कार्यों की धीमी प्रगति पर उन्होंने कई कर्मचारियों व अधिकारियों को फटकार कड़ी फटकार लगाई।
नगर परिषद द्वारा कियोस्क के पट्टे जारी नहीं करने की शिकायत पर कलेक्टर ने परिषद आयुक्त लक्ष्मीनारायण मीणा को आड़े हाथों लिया और उन्हें फटकार लगाई। जनसुनवाई के दौरान ज्यादातर मामले नगर परिषद से ही संबंधित आए। किसी को कब्जा नहीं मिल पा रहा था तो कोई पट्टों के लिए चक्कर लगा रहा था, किसी का सीमा ज्ञान नहीं हो पा रहा था तो कोई गंदगी से परेशान था। कलेक्टर ने कहा कि इतनी शिकायतें एक ही विभाग से संबंधित आना चिंताजनक है और अधिकारियों की कार्यशैली पर सवालिया निशान खड़े करता है। उन्होंने आयुक्त को कार्यशैली में सुधार करने की हिदायत दी।
इसी प्रकार पंचायती राज विभाग के अधिकारियों व कर्मचारियों को उन्होंने आवासीय योजना की स्वीकृति जारी करने में कोताही की शिकायत पर फटकार लगाई साथ ही प्रभारी अधिकारी पर भी कार्यों की सही मॉनिटरिंग नहीं करने पर नाराजी जाहिर की। नरेगा के कार्यों की सही जानकारी होने और पंचायत समिति में रिकार्ड अस्त व्यस्त होने पर उन्होंने विकास अधिकारी और नरेगा प्रभारी अधिकारी को डांटा साथ ही जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी को निर्देश दिए कि वे पंचायत समिति संबंधित कार्यों पर कड़ी निगरानी रखें।
क्षेत्र में बिजली आपूर्ति के बारे में जब उन्होंने बिजली निगम के अधिशासी अभियंता से सवाल जवाब किए, सवालों का सही जवाब नहीं देने पर उन्होंने नाराजगी जताई और कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में कम से कम 7 घंटे बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जाए वरना अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
मीट मार्केट का मुद्दा भी उठा
इस दौरान जयपुर रोड पर चल रहे मीट मार्केट का मुद्दा भी आर्य समाज नेता मदनमोहन आर्य ने उठाया। उन्होंने कहा कि अदालत के आदेशों के बाद भी स्थानीय प्रशासन इच्छा शक्ति के अभाव में मार्केट को हटा नहीं पा रहा है। कलेक्टर ने इस मामले को देखने का आश्वासन दिया इस पर आर्य ने कहा कि अब देखने की बात ही कहां रह गई है, इतने दिन से प्रशासन देख ही रहा है। इस मामले को लेकर आर्य काफी देर तक कलेक्टर से जद्दोजहद करते रहे, बाद में कलेक्टर ने इस पर शीघ्र कार्रवाई का आश्वासन दिया।