डेढ़ घंटे करते रहे गलत प्रश्न पत्र हल
कार्यालय संवाददाता - गंगापुर सिटी
राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में सोमवार को स्कूल प्रशासन की लापरवाही के चलते आईटीआई की परीक्षा में छात्रों को गलत प्रश्न पत्र बांट दिया गया। छात्रों ने हालांकि स्कूल प्रशासन का गलती की ओर ध्यान दिलाया लेकिन स्टाफ व परीक्षकों ने छात्रों से वही पेपर हल करने को कह दिया। करीब डेढ़ घंटे तक छात्र उसी प्रश्न पत्र को हल करते रहे, बाद में छात्रों को दूसरा पेपर दिया गया।
छात्रों ने बताया कि सोमवार को उनका सामाजिक अध्ययन का प्रश्न पत्र था लेकिन उन्हें एम्पलॉयबिलीटी स्किल का प्रश्न पत्र दे दिया गया। हालांकि एम्पलॉयबिलीटी स्किल का भी प्रश्न पत्र सोमवार को ही होना था लेकिन उसके छात्र अलग थे। सामाजिक अध्ययन की परीक्षा देने आए छात्रों ने परीक्षकों से इसका विरोध जताया लेकिन परीक्षकों ने उन्हें वही प्रश्न पत्र हल करने को कह दिया।
बाद में स्कूल प्रशासन ने जांच की तो उन्हें गलती का अहसास हुआ और छात्रों को सामाजिक अध्ययन का पेपर दिया गया लेकिन इस बीच छात्रों का करीब डेढ़ घंटा जाया हो गया। छात्रों को पेपर हल करने के लिए कोई अतिरिक्त समय भी नहीं दिया गया और निर्धारित समय पर ही उनसे कापियां ले ली गई। परीक्षा से बाहर निकलने के बाद छात्रों ने इस बात पर काफी हंगामा किया और एसडीएम को ज्ञापन दिया तथा पेपर को रद्द कर इसकी परीक्षा दुबारा कराने या उन्हें बोनस अंक देने की मांग की। दूसरी ओर स्कूल के प्रधानाचार्य ने बताया कि प्रश्न पत्र के बंडलों पर गलत रोल नंबर अंकित होने के कारण यह गफलत पैदा हुई जिसे कुछ ही देर में दुरुस्त कर दिया गया।
मेडिकल प्रमाण पत्र साइन नहीं करते डॉक्टर : छात्रों ने सामान्य चिकित्सालय के डाक्टर पर मेडिकल प्रमाण पत्र पर हस्ताक्षर नहीं करने का आरोप लगाते हुए इस संबंध में एसडीएम से शिकायत की है। छात्रों ने बताया कि उन्होंने लोको पायलट के आवेदन किया था। उन्होंने बताया कि आवेदनकर्ताओं से नेत्र प्रमाण पत्र मांगा गया था और जब वे चिकित्सालय में नेत्र प्रमाण पत्र बनवाने के लिए गए तो मौके पर उपस्थित डाक्टर ने प्रमाण पत्र बनाने से इंकार कर दिया और कथित तौर पर पैसे मांगे व उन्हें डांट फटकार कर भगा दिया।
सामाजिक अध्ययन की जगह थमा दिया एम्पलॉयबिलिटी स्किल का पर्चा