न्यूज इन बॉक्स
रेलवे ने नसिया कॉलोनी का रास्ता किया बंद
गंगापुर सिटी - नसिया कॉलोनी के लोगों ने रेल प्रशासन पर आम रास्ते को बंद करने आरोप लगाते हुए कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा है। कॉलोनी निवासी नवल दनगस, कमला माथुर, अब्दुल आदि ने बताया कि शहर से रेलवे स्टेशन होते हुए नसिया कॉलोनी में पहुंचने का एक मात्र आम रास्ता है। सैकड़ों वर्षों से लोग इसी रास्ते से आवाजाही कर रहे हैं लेकिन पिछले दिनों रेल प्रशासन ने इस रास्ते पर रेल लाइन के टुकड़े गाड़ दिए और रास्ते को बंद कर दिया। ऐसे में रास्ता बंद होने के कारण सभी को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कलेक्टर से इस मामले में हस्तक्षेप करते हुए रास्ते को खुलवाने की मांग की है।
शौचालय निर्माण के लिए 51 परिवारों को दिए चेक
चौथ का बरवाड़ा - सरकार की निर्मल ग्राम अभियान के तहत मंगलवार को ग्राम पंचायत में 51 परिवारों को शौचालय निर्माण के लिए राशि के चेक सौंपे। इस अवसर पर उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने कहा कि सरकार की योजना के तहत लोग घरों में शौचालय का निर्माण करें ताकि स्वच्छ भारत का निर्माण हो सके। पंचायत सभागार में सरपंच बादाम सैनी, उपसरपंच चौथमल वर्मा, सचिव आशाराम मीणा ने 51 परिवार को 4 हजार 600 रुपए के चेक वितरित किए। पंचायत सचिव आशाराम मीणा ने बताया कि नरेगा की तहत इन परिवारों को पहले 4 हजार 500 रुपए का भुगतान किया जा चुका था तथा अब 4 हजार 600 रुपए का चेक दिया गया है, जिससे लोग अपने घरों में शौचालय का निर्माण कर पाएंगे। उन्होंने कहा कि गांव में शौचालय कम होने के कारण लोग खुले में शौच करते हैं। ऐसे में निर्मल ग्राम अभियान के तहत 51 लोगों को शौचालय निर्माण के लिए राशि दी गई है। उन्होंने बताया कि इस योजना में शेष अन्य लोगों को भी शीघ्र ही चेक जारी किए जाएंगे।