चार घर राख होने के बाद पहुंची दमकल
नगर संवाददाता - गंगापुर सिटी
जाट बड़ौदा गांव की बैरवा बस्ती में मंगलवार शाम एक ही परिवार के 4 छप्पर राख हो गए। इससे हजारों रुपए का सामान जल गया।
ग्रामीणों ने बताया कि जिंसी पुत्र झूट्या, रामकेश पुत्र जिंसी, लखन पुत्र जिंसी और जग्गू पुत्र मलुआ के छप्पर में शाम 5 बजे आग लग गई। आग ने थोड़ी ही देर में विकराल रूप ले लिया। पता चलने पर ग्रामीण आग बुझाने जुट गए व साथ ही दमकल को सूचना दी। न सूचना के काफी देर बाद तक दमकल मौके पर नहीं पहुंची और ग्रामीणों ने पास में ही ट्यूबवेल से पाइप बिछाकर आग बुझाई। इसके बाद रात 9:00 बजे दमकल मौके पर पहुंची लेकिन तब तक सबकुछ जलकर राख हो चुका था। आगजनी में जिंसी के घरेलू सामान जलकर राख हो गया। सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। दूसरे दिन बुधवार को पटवारी ने मौके पर पहुंचकर आगजनी की रिपोर्ट तैयार की।