पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • प्रेमी से मिलकर की थी पति की हत्या

प्रेमी से मिलकर की थी पति की हत्या

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
भास्कर न्यूज - अजीतगढ़
थाना क्षेत्र के ग्राम पीथलपुर निवासी किशोर पुत्र बिहारीलाल कुमावत का शव 21 जनवरी को रानोली थाना क्षेत्र के शाकंभरी की पहाडिय़ों में मिलने की घटना के बाद जांच में जुटी पुलिस ने खुलासा कर दिया है। किशोर की हत्या उसकी पत्नी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर करवा दी। पुलिस ने पत्नी सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के मुताबिक किशोर की शादी करीबन 3 वर्ष पूर्व गोविन्दगढ़ थाना क्षेत्र के गांव कोजू की नांगल निवासी अनिता के साथ हुई थी। अनिता को अपने पीहर में पड़ोसी विजय वाल्मीकि से प्रेम प्रसंग चल रहा था। शादी के बाद भी प्रेमी से मिलने के लिए अनिता पीहर में पढ़ाई के बहाने रह रही थी। जब पति किशोर ने उसे बम्बई ले जाकर वहीं रहने की बात कही तो उसने किशोर को ही ठिकाने लगाने के लिए प्रेमी को सुपारी दी और उसकी हत्या करवा दी।
पुलिस के अनुसार अनिता ने पति किशोर को मारने के लिए प्रेमी विजय को सुपारी दी। विजय ने अपने बुआ के लड़के छावनी((नीमकाथाना)) निवासी कृष्ण उर्फ प्रकाश पुत्र पप्पूराम जेदिया, छावनी के ही उसके दोस्त चुन्नू उर्फ आकाश पुत्र माणकचंद एवं रोशन पुत्र जगदीश मीणा के साथ मिलकर किशोर को मारने की योजना बनाई। किशोर अपने ससुराल काजू की नांगल जाने के लिए 21 जनवरी को घर से निकला, तो अनिता उससे बार-बार फोन करके लोकेशन पता करके विजय को बताती रही। विजय व अन्य आरोपियों ने धानोता गांव के पास किशोर को गाड़ी में बैठा लिया तथा बैठते ही उसके सिर पर रॉड से वार कर दिया। इससे किशोर गंभीर घायल हो गया।
आरोपियों ने स्कूटर ब्रेक वायर से किशोर का गला घोंट कर हत्या कर दी। प्रेमी विजय वाल्मीकि ने किशोर को मारने के बाद अनिता को फोन किया तो अनिता ने कहा कि मेरा काम हो गया। मैं आपको सुपारी के रूप में रुपए दूंगी। हत्या के बाद आरोपियों ने शव को रानोली थाना क्षेत्र के शाकंभरी की पहाडिय़ों में डाल कर आ गए।
गहने चुराकर प्रेमी को दिलाई कार
पुलिस के पूछताछ में अनिता ने स्वीकार किया कि पति किशोर की हत्या के लिए उसने अपनी मां व मौसी के गहने चुराए और उनको बेचकर विजय को एक कार लाकर दी, ताकि कार में डालकर किशोर को ठिकाने लगा सके। अनिता ने स्वीकार किया है कि वो पहले भी गहने चुरा कर विजय को देती थी।



पुलिस ने किया खुलासा, ब्रेक वायर से किशोर का गला घोंटा था, रानोली क्षेत्र की शाकंभरी पहाडिय़ों में डाला था शव