- Hindi News
- प्रागपुरा और पावटा में गेहूं नहीं मिलने से लोग भड़के
प्रागपुरा और पावटा में गेहूं नहीं मिलने से लोग भड़के
भास्कर न्यूज - प्रागपुरा/पावटा
रसद विभाग की लापरवाही के कारण खाद्य सुरक्षा के तहत मिलने वाला गेहूं का असमान वितरण होने से अधिकांश लोगों को गेहूं नहीं मिल पा रहा है, जिससे लोग आक्रोशित हैं। बुधवार को गेहूं नहीं मिलने से प्रागपुरा ग्राम पंचायत मुख्यालय पर व पावटा कस्बे में उप तहसील कार्यालय पर लोगों ने धरना दिया। पावटा कस्बे में वार्ड सं..1 से 8 तक के वाशिंदों ने गेहूं नहीं मिल पाने की शिकायत करते हुए नायब तहसीलदार पावटा रेखा यादव के समक्ष अपना आक्रोश जताया।
वार्डवासी देशराज नरेश कुमार, मेवा देवी, कालू राम, अशोक कुमार सहित कई लोगों का कहना है कि कई बार चक्कर लगाने के बाद भी गेहूं नहीं मिल पा रहा है। वार्ड वासियों ने नायब तहसीलदार को वितरण व्यवस्था सुचारू करने की मांग करते हुए एक ज्ञापन भेंट किया।
प्रागपुरा - कस्बे में वार्ड संख्या 7 से 13 तक में गेहूं का वितरण नहीं होने से आक्रोषित प्रागपुरा नगर भाजपा अध्यक्ष प्रमोद शर्मा, ग्राम वासी राजेन्द्र पारीक, जसवंत पारीक, महावीर चावला, रामकिशोर सोनी, चेतन बंसल सहित बड़ी तादाद में ग्रामीणों ने कस्बे के राशन डीलरों पर गेहूं वितरण में अनियमितता बरतने का आरोप लगाकर धरना दिया। ग्राम पंचायत कार्यालय पर उपस्थित उप सरपंच कैलाश सैनी ने ग्रामजनों को समझाने का प्रयास भी किया, लेकिन ग्रामवासी नहीं माने।
प्रागपुरा नगर भाजपा अध्यक्ष प्रमोद शर्मा ने विधायक डॉ.भिण्डा व कोटपूतली उपखण्ड अधिकारी से मोबाइल पर आवश्यक कार्यवाही कर गेहूं उपलब्ध करवाने की मांग की। इस संबंध में उपखण्ड अधिकारी कोटपूतली के शीघ्र वितरण व्यवस्था कराने का आश्वासन देने पर ग्रामजनों ने धरना समाप्त कराया। इस संबंध में कोटपूतली उपखण्ड अधिकारी करतार सिंह ने बताया कि खाद्य निरीक्षक कोटपूतली महेन्द्र नूनिया को वितरण व्यवस्था सुचारू करने के लिए पाबंद किया गया है।