- Hindi News
- जीएलआर के ओवरफ्लो पानी के भराव से हो रही परेशानी
जीएलआर के ओवरफ्लो पानी के भराव से हो रही परेशानी
भास्कर न्यूज - जालोर
जालोर से दस किलोमीटर दूर स्थित नारणावास गांव में बने जीएलआर से बह रहा ओवरफ्लो पानी गांव वालों के लिए मुसीबत बना हुआ है। जागरूक ग्रामीणों का कहना है कि पीने का पानी व्यर्थ बहने के साथ गांव के रास्ते में लगातार बहने से रास्ते में पानी का भराव हो गया है, जिससे लोगों को चलने में परेशानी हो रही है। क्षेत्रवासियों ने बताया कि जिस जगह पानी जमा हो रहा है वह रास्ता गांव से खेतों और बेरों की ओर जाता है, जिससे उस रास्ते पर लगातार पानी बहने से कम से कम चार से पांच फीट गहरे गड्ढे हो गए हैं। ऐसे में
गांव के आम रास्ते से वाहनों के साथ साथ पैदल निकलना भी मुश्किल हो रहा है। समस्या को लेकर सरपंच तथा ग्राम सेवक को कई बार अवगत करवाने के बावजूद उनकी हठधर्मिता के चलते किसी प्रकार की कार्रवाई नहीं हो रही। इसके अलावा गांव में सीवरेज के तहत नालियों की व्यवस्था नहीं होने से घरों का गंदा पानी भी सड़क पर जमा होने से सड़कें टूटने के साथ क्षेत्र में मच्छर पनपने के साथ ही क्षेत्र में वायरल बीमारियों का प्रकोप बना हुआ है। ग्रामवासियों ने प्रशासन से जीएलआर के ओवरफ्लो पानी को रोकने के साथ सरपंच व ग्राम सेवक को गांव में सफाई व सीवरेज व्यवस्था सही करवाने को लेकर पाबंद करने की मांग की है।