- Hindi News
- मतदाता जागरूकता को लेकर कार्यक्रम आयोजित
मतदाता जागरूकता को लेकर कार्यक्रम आयोजित
जालोर - राष्ट्रीय मतदाता दिवस के तहत जिला निर्वाचन कार्यालय, भारत सरकार के क्षेत्रीय प्रचार कार्यालय व नेहरू युवा केंद्र के संयुक्त तत्वाधान में बुधवार को मतदाता जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। जिला निर्वाचन अधिकारी राजन विशाल के निर्देशानुसार भारत सरकार के क्षेत्रीय प्रचार कार्यालय व नेहरू युवा केंद्र द्वारा बिशनगढ़ व पहाड़पुरा ग्राम की स्कूलों में मतदाता जागरूकता के लिए गोष्ठियां आयोजित की गई। इस अवसर पर नेहरू युवा केंद्र के युवा समन्वयक राजेंद्रसिंह कसाना ने कहा कि 25 जनवरी राष्ट्रीय मतदाता दिवस को उत्सव की भांति मनाया जाएगा। उन्होंने 1 जनवरी, 2014 को 18 वर्ष पूर्ण करने वाले समस्त छात्र-छात्राओं को मतदाता पहचान पत्र के संबंध में भी जानकारी दी। गोष्ठी मे बिशनगढ़ प्रधानाध्यापिका आसिफ रेहाना ने कहा कि आगामी 25 जनवरी को चतुर्थ मतदाता दिवस को ईद, होली व दीपावली की तरह मनाने का आह्वान किया तथा बच्चों को अपने अभिभावकों को मतदान के लिए प्रेरित करने की बात कही। इस अवसर पर क्षेत्रीय प्रचार अधिकारी नरेन्द्र तनसुखानी, अध्यापिका नीलम, रेणुका ने भी राष्ट्रीय मतदाता दिवस के बारे में अपने विचार व्यक्त किए।