- Hindi News
- कॉलेज छात्रा के साथ मारपीट के आरोपी गिरफ्तार
कॉलेज छात्रा के साथ मारपीट के आरोपी गिरफ्तार
सात दिन पहले महिला थाने में राजकीय महाविद्यालय के छात्र संघ अध्यक्ष सहित तीन लोगों के खिलाफ दर्ज हुआ था मुकदमा
भास्कर न्यूज - जालोर
महिला कॉलेज की छात्रा के साथ मारपीट करने वाले आरोपियों को पुलिस ने बुधवार को सातवें दिन गिरफ्तार कर लिया है। महिला पुलिस थाना प्रथारी आईदानसिंह ने बताया कि छात्रा के साथ मारपीट के आरोपी राजकीय महाविद्यालय छात्रसंघ अध्यक्ष प्रवीणसिंह पुत्र गंगासिंह राजपूत निवासी बालवाड़ा, इंद्रा नगर राव कॉलोनी निवासी भूपेंद्रसिंह पुत्र नारायणसिंह को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। जबकि तीसरा आरोपी अपचारी पाया गया, जिसे अदालत में पेश करने के बाद पुलिस संरक्षण में रखा गया है। उन्होंने बताया कि प्रवीणसिंह व भूपेंद्रसिंह को गिरफ्तार कर थाने में पूछताछ की जा रही है। इसके बाद दोनों को गुरुवार को अदालत में पेश किया जाएगा। गौरतलब है कि कॉलेज की छात्रा के साथ मारपीट करने के आरोप में 15 जनवरी को महिला थाने में मामला इन लोगों के खिलाफ मामला दर्ज करवाया था। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने कई स्थानों पर दबिश दी थी, मगर पकड़ में नहीं आ रहे थे। बुधवार को पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।