- Hindi News
- उद्यानिकी फसलों को अधिकाधिक बढावा दें : राजन
उद्यानिकी फसलों को अधिकाधिक बढावा दें : राजन
जालोर - जिले में उद्यानिकी फसलों को बढावा देने के उद्देश्य से सांचौर व चितलवाना क्षेत्र में जहां नर्मदा नहर का पानी सिंचाई के लिए उपलब्ध है, वहां उद्यानिकी फसलों का उत्पादन बढ़ाने के लिए किसानों को जागरूक करने के साथ उन्हें विभागीय योजनाओं से लाभान्वित करें, यह बात कलेक्टर राजन विशाल ने गुरूवार को कलेक्ट्रेट सभा कक्ष में जिला हॉर्टीकल्चर डवलपमेंट सोसायटी की सामान्य सभा एवं कार्यकारी परिषद की बैठक में उपस्थित कृषि अधिकारियों को संबोधित करते हुए कही । उन्होंने वित्तीय वर्ष 2013-14 की कार्य योजना की समीक्षा के दौरान निर्देश दिए कि जिले के उन्नत शील कृषकों को नवीनतम कृषि तकनीकी की जानकारी देने के लिए राज्य व राज्य के बाहर आयोजित होने वाले टूर में भाग लेने वाले कृषकों को चयनित करने के तरीके में पूर्ण रूप से पारदर्शिता बरतें जिसमें सभी क्षेत्रों का प्रतिनिधित्व होना चाहिए।
शत प्रतिशत लक्ष्य हासिल करने के दिए निर्देश : उन्होंने कृषि अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि वे योजना के तहत शत प्रतिशत लक्ष्य प्राप्ति के लिए योजनाबद्घ रूप से कार्य करें ताकि लोक सभा चुनावों की आचार संहिता के पूर्व वांछित टारगेट पूरा हो सकें।
उन्होंने फव्वारा सिंचाई पद्घति को भी बढ़ावा देने के निर्देश दिए। बैठक में आत्मा परियोजना के अतिरिक्त निदेशक ओमप्रकाश शर्मा ने आत्मा की प्रगति के संबंध में तथा उद्यान विभाग के सहायक निदेशक डॉ. हीरसिंह राठौड़ ने एनएमआईएम, एनएचएम एवं आरकेवीवाई योजनाओं के संबंध में जानकारी दी। बैठक में राष्ट्रीय बागवानी मिशन, राष्ट्रीय सूक्ष्म सिंचाई मिशन एवं राज्य योजना पर चालू वित्तीय वर्ष में अर्जित की गई प्रगति पर भी विचार विमर्श किया गया। इस अवसर पर कृषि विभाग के डॉ. आर.पी.सिंह व परबत सिंह, महिला एवं बाल विकास विभाग के एनके शर्मा तथा पशुपालन विभाग के गणपतसिंह सहित विभिन्न कृषि अधिकारी उपस्थित थे।