- Hindi News
- रामानंदाचार्य की जयघोष के साथ निकाली शोभायात्रा
रामानंदाचार्य की जयघोष के साथ निकाली शोभायात्रा
ञ्च रामानंदाचार्य की 714 वीं जयंती समारोह को लेकर निकाली शोभायात्रा में वैष्णव समाज के लोगों ने उत्साह से लिया भाग
भास्कर न्यूज - जालोर
वैष्णव बैरागी चतु: संप्रदाय के समाज के आद्य गुरु स्वामी रामानंदाचार्य महाराज की जयंती गुरुवार को शहर समेत जिले भर में समारोह पूर्वक मनाई गई। इस अवसर पर कई कार्यक्रम आयोजित किए गए। जिला मुख्यालय पर शाम को शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें समाज के लोगों ने बढ़चढ़ कर भाग लिया। शोभायात्रा शहर के विभिन्न मार्गों से होते हुए निकली। शोभायात्रा में बैंड बाजों की धुन पर युवा नाचते हुए चल रहे थे, तो पुरुष व महिलाएं जयकारे लगाते हुए चल रही थी।
गुड़ा बालोतान. आहोर उपखंड मुख्यालय स्थित हनुमान कॉलोनी में वैष्णव समाज भवन में गुरूवार को सेवंत्री अग्रदेवा धर्मपीठ के महंत लक्ष्मणदास महाराज व देवरियारी महंत जगदीशदास महाराज के सानिध्य एवं चतु: संप्रदाय वैष्णव समाज अड़तालीस मंडल आहोर के तत्वाधान में रामानंदाचार्य महाराज की 714 वीं जयंती उत्साह के साथ मनाई गई। जयंती को लेकर गुरूवार सवेरे पूजा अर्चना तथा धार्मिक व सामाजिक चर्चा करने के बाद सवेरे दस बजे शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा वैष्णव समाज धर्मशाला से रवाना होकर शहर के खालसा बस स्टैंड, अस्पताल रोड, पुराना बस स्टैंड होते हुए प्रमुख मार्गो से निकाली गई। शोभायात्रा के दौरान बालिका व युवतियों ने सिर पर मंगल कलश धारण कर कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई। समाज के लोगों ने रामानंदाचार्य की जयकारे लगाकर वातावरण को धर्ममय बना दिया। शोभायात्रा समाज भवन पहुंच विसर्जित हुई। जहां महाप्रसादी का आयोजन किया गया।
वैष्णव समाज धर्मशाला में आयोजित धर्म व सामाजिक चर्चा के दौरान समाज के अध्यक्ष मगनदास वैष्णव सामुजा ने बताया कि जयंती कार्यक्रम को लेकर बुधवार दोपहर में संगीतमय सुंदरकांड पाठ का आयोजन हुआ। शाम को भजन संध्या में समाज के प्रतिभावान छात्र-छात्राओं का सम्मान किया गया। वहीं चढ़ावों की बोलियां बोली गई। इस दौरान सचिव इन्द्रदास वैष्णव ने वार्षिक आय-व्यय का ब्यौरा प्रस्तुत किया।
सायला. कस्बे के बागोड़ा रोड स्थित माली समाज भवन में जगदगुरु श्रीरामानंदाचार्य जयंती महोत्सव के तहत गाजे-बाजे के साथ वरघोड़ा निकाला गया। जिसमें श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा।
श्रीचतु: संप्रदाय वैष्णव वैरागी समाज की ओर से मनाए जा रहे जयंती महोत्सव को लेकर सवेरे से ही वैष्णव वैरागी समाज के लोग सजधज कर कार्यक्रम स्थल पहुंचने शुरू हो गए थे। सवेरे दस बजे तक बड़ी संख्या में श्रद्धालु जुट गए। इसके बाद वरघोड़ा निकाला गया। वरघोड़ा माली समाज मंदिर से रवाना होकर कस्बे के लहर भारती कुटिया, पुराना बस स्टैंड, निम्बोरानाथ महादेव मंदिर समेत प्रमुख मार्गों से होते हुए पुन: मंदिर पहुंच विसर्जित हुआ। वरघोड़े में शामिल समाजबंधु बैंडबाजों की सुमधुर स्वर लहरियों पर झूमते हुए चल रहे थे। वहीं युवा गुलाल उड़ाते हुए जयघोष कर रहे थे। महिलाएं मंगलगीत गा रही थी। वरघोड़े में सुसज्जित रथ में जगदगुरु की तस्वीर रखी हुई थी। महोत्सव के तहत दोपहर को महाआरती का आयोजन किया गया। इसके बाद महाप्रसादी का आयोजन हुआ। इससे पूर्व महोत्सव की पूर्व संध्या पर बुधवार को आयोजित भजन संध्या में ख्यातनाम कलाकारों ने भजनों की प्रस्तुति देकर वाहवाही लूटी। इस अवसर पर सेवंतरि महंत लक्ष्मणदास, लुंबावा महंत जगदीश दास, झाब महंत रामचम्पतदास, जेतड़ी महंत वासुदेवाचार्य समेत क्षेत्रभर से वैरागी वैष्णव समाज के लोग उपस्थित थे।