- Hindi News
- कार्यकर्ता अभी से जुट जाएं चुनाव की तैयारियों में : पटेल
कार्यकर्ता अभी से जुट जाएं चुनाव की तैयारियों में : पटेल
भास्कर न्यूज - भीनमाल
सांसद देवजी पटेल ने कहा कि नरेंद्र मोदी के प्रधानमंत्री बनने के बाद जालोर-सिरोही व बाड़मेर जिले की कायाकल्प करने के लिए माही-बजाज परियोजना का कार्य प्राथमिकता से शुरू किया जाएगा।
पटेल शुक्रवार को स्थानीय महेशेश्वर महादेव मंदिर में लोकसभा चुनावों की तैयारियों को लेकर आयोजित भाजपा नगर मंडल की बैठक को संबोधित रहे थे। सांसद ने लोकसभा चुनावों की तैयारियों का शंखनाद करते हुए कहा कि कुछ दिनों बाद आचार संहिता के साथ ही चुनाव की तिथि घोषित होने वाली है, लेकिन कार्यकर्ताओं को अभी से ही चुनावी तैयारियों में जुटने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि गत पांच वर्षों के दौरान विषम परिस्थितियों के बावजूद जालोर-सिरोही के विकास के लिए लोकसभा व राज्य सरकार के समक्ष समय-समय पर नर्मदा पेयजल परियोजना सहित रेल, चिकित्सा, पेयजल, शिक्षा, सड़क, रोजगार, औद्योगिक, कृषि और पर्यटन विकास के मामले उठाकर क्षेत्रवासियों को लाभान्वित करने का प्रयास किया है और भविष्य में भी प्रयासरत रहने का विश्वास दिलाया।
शेषक्चपेज १८
नगर प्रभारी ईश्वरसिंह थूंबा ने कार्यकर्ताओं को जातिगत, राजनीतिक व निजी स्वार्थ से ऊपर उठकर राष्ट्रहित में बूथ इकाई, शक्ति केंद्र, बूथ पालक व 11 से 18 फरवरी तक आयोजित ‘गांव चलो-घर चलो’ कार्यक्रम को सफल बनाकर बूथ स्तर पर विजय पाने का आह्वान किया। भाजपा जिला महामंत्री भारताराम देवासी ने बूथ स्तरीय कार्यकर्ताओं को एक-एक मतदाता को मतदान स्थल तक लाकर पार्टी के पक्ष में मतदान करवाने की अपील की। नगर अध्यक्ष दिनेश दवे, महामंत्री भरतसिंह भोजाणी, नपा उपाध्यक्ष जयरूपाराम माली, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य सुरेश बंजारा, पूर्व पालिकाध्यक्ष सरोज बाफना, पूर्व नगर अध्यक्ष गुमानसिंह राव व केके सेठ ने भी विचार व्यक्त किए। इस अवसर पर किसान मोर्चा के जिलाध्यक्ष मोतीराम चौधरी, करनाराम चौधरी, राजमल परमार, अशोक प्रजापत, पार्षद जयसिंह राव, मंगलचंद सैन व मंछाराम भील, विहिप नेता सुरेश पारीक, मुकेश माहेश्वरी, महादेवाराम घांची, पारस भील, श्याम बोहरा, जोरावरसिंह राव, हेमलता जैन, बद्रीनारायण गौड़, मोहनलाल परिहार, महेश देवासी, ठाकराराम मेघवाल, उत्तमसिंह सोलंकी, प्रतापसिंह और महेंद्र जीनगर सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता व पदाधिकारी मौजूद थे।
सांसद ने कहा बेवकूफ : बैठक के दौरान सांसद देवजी पटेल ने गुरुवार को उत्तरप्रदेश में सपा नेता मुलायमसिंह यादव की ओर से भाषण के दौरान यूपी को गुजरात नहीं बनने देने की बात पर सांसद ने मुलायमसिंह का नाम लिए बिना कहा कि उस बेवकूफ को मालूम नहीं है कि नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में गुजरात ने कितनी प्रगति की है। जहां वर्षभर सांप्रदायिक दंगे होते थे, वहां के लोग पिछले 10-12 वर्षों से दंगा शब्द तक भूल गए है।
सांसद की उम्मीदवारी का समर्थन किया : बैठक के दौरान सांसद देवजी पटेल ने कहा कि गत पांच वर्षों में सांसद के रुप में जालोर-सिरोही क्षेत्र की सेवा की है और भविष्य में भी सेवा के लिए जालोर-सिरोही लोकसभा क्षेत्र से प्रबल दावेदार हूं। जिस पर उपस्थित कार्यकर्ता व पदाधिकारियों ने हाथ खड़े कर दावेदारी का समर्थन किया।
माफी मांगने पर बैठने दिया पार्षद को : बैठक के दौरान नगर अध्यक्ष दिनेश दवे, भाजपा नेता पारस एम मोदी, सुमेरमल बाफना, नपा उपाध्यक्ष जयरूपाराम माली, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य सुरेश बंजारा और पार्षद सुरमसिंह सोलंकी ने भाजपा पार्षद दिनेश चौहान पर पार्टी विरोधी गतिविधियों में भाग लेने का आरोप लगाते हुए बैठक से बाहर भेजने की मांग की। जिस पर दिनेश चौहान ने गलती के लिए माफी मांगते हुए भाजपा में कार्यकर्ता के रुप में सेवाएं देते की इच्छा जाहिर की। इस दौरान भाजयुमो नगर अध्यक्ष भरतसिंह राव के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने एक पार्षद की ओर से माफी मांगने के बावजूद बैठक से बाहर भेजने की प्रक्रिया को गलत बताया। जिस पर चौहान को पुन: बैठने की इजाजत दी गई।
विद्यार्थी मित्र शिक्षक संघ ने सौंपा ज्ञापन : बैठक के बाद राजस्थान विद्यार्थी मित्र शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष उत्तमसिंह राव के नेतृत्व में करीब आधा दर्जन पदाधिकारियों ने सांसद देवजी पटेल को ज्ञापन सौंपकर उनकी समस्याओं का निराकरण करने और उनके पद सुरक्षित कर सभी परिलाभ देने की मांग की।