पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • बजरी विक्रेताओं का धरना तीसरे दिन जारी, दस जने बैठे अनशन पर

बजरी विक्रेताओं का धरना तीसरे दिन जारी, दस जने बैठे अनशन पर

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
भास्कर न्यूज. भीनमाल
बजरी खनन पर रॉयल्टी की ज्यादा वसूली के विरोध में बजरी विक्रेताओं ने बुधवार को तीसरे दिन भी धरना जारी रखा। वहीं दस जने क्रमिक अनशन पर बैठे। राजस्थान किसान संघर्ष समिति, ट्रक-ट्रैक्टर व टर्बो यूनियन और प्राइवेट ठेकेदार यूनियन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित धरने के दौरान रॉयल्टी ठेकेदार की ओर से लाठी के बल पर रॉयल्टी वसूली के विरोध में बजरी विक्रेताओं ने पुलिस, प्रशासन, खान विभाग के विरुद्ध आक्रोश प्रकट किया। इस अवसर पर किसान नेता विक्रमसिंह पुनासा ने कहा कि पुलिस, प्रशासन व खान विभाग की मिलीभगत के चलते रॉयल्टी ठेकेदार के नाकेदारों की ओर से लाठी के बल पर अधिक रॉयल्टी वसूल की जा रही है। जिससे बजरी विक्रेताओं और आमजन में भारी आक्रोश है। पुनासा ने सकारात्मक कार्रवाई नहीं करने पर आंदोलन को उग्र रुप देने की चेतावनी दी। सह संयोजक सुरेश व्यास ने कहा कि ट्रैक्टर-ट्रॉली की तुलना में ट्रक व टर्बो से प्रति टन अधिक वसूली कर धोखाधड़ी की जा रही है।
शेष - पेज १५

ट्रक-टर्बो यूनियन के अध्यक्ष मदन कानूनगो, भगवानाराम विश्नोई, हरिराम विश्नोई, भारमल विश्नोई, सुभाषचंद्र विश्नोई, मोड़ाराम देवासी और हुकमसिंह ने भी विचार व्यक्त कर आंदोलन को तेज करने की बात कही।
जुलूस निकाल दिया ज्ञापन
दोपहर बाद जुलूस निकालकर नारेबाजी करते हुए एसडीएम कार्यालय पहुंचे। जहां मुख्यमंत्री के नाम कार्यवाहक एसडीएम जेआर चौधरी को ज्ञापन दिया। ज्ञापन में अधिक वसूली को रोकने के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की गई। ज्ञापन में चेताया कि यदि शीघ्र ही सकारात्मक कार्रवाई नहीं की तो मजबूरन आंदोलन को उग्र रुप प्रदान किया जाएगा। इस अवसर पर रामचंद्र विश्नोई, देवीसिंह राठौड़, गंगाराम खिलेरी, नरसीराम देवासी, भलाराम चौधरी, छैलसिंह लूर, सुजानसिंह और खुमाराम विश्नोई सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे।
सीएम को लिखे पोस्ट कार्ड
धरना प्रदर्शन के दौरान राजस्थान किसान संघर्ष समिति, ट्रैक्टर, ट्रक व टर्बो यूनियन और प्राइवेट ठेकेदार यूनियन सहित बड़ी संख्या में धरनार्थियों ने मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे सिंधिया के नाम पोस्टकार्ड लिखकर अधिक वसूली पर रोक लगवाने और बजरी खनन नीति में परिवर्तन की मांग की।
दस जने रहे कर्मिक अनशन पर
किसान नेता विक्रमसिंह पुनासा ने बताया कि बुधवार को धरना प्रदर्शन के साथ ही क्रमिक अनशन किया गया। इस दौरान गंगाराम विश्नोई, भारमल विश्नोई, सुभाष विश्नोई, वेनाराम प्रजापत, दिनेश खान, दिनेश कुमार माली, देवीसिंह थूर, भीमाराम मेघवाल, चौथाराम माली और वागाराम चौधरी अनशन पर बैठे।



आज से महिलाएं भी धरने में सम्मिलित होंगी

किसान नेता विक्रमसिंह पुनासा ने बताया कि अधिक रॉयल्टी के विरोध में तीन दिन से जारी धरने के बावजूद कोई सकारात्मक कार्रवाई नहीं होने के कारण गुरुवार से आंदोलन को बड़ा रुप प्रदान करने के लिए मातृ शक्ति को धरने में सम्मिलित किया जाएगा। पुनासा ने महिलाओं से धरने में ज्यादा से ज्यादा संख्या में भाग लेने की अपील की।