- Hindi News
- अस्पतालों में सफाई व्यवस्था सुधारने के साथ मरीजों को बेहतर सुविधा देने के निर्देश
अस्पतालों में सफाई व्यवस्था सुधारने के साथ मरीजों को बेहतर सुविधा देने के निर्देश
भास्कर न्यूज - जालोर
कलेक्ट्रेट सभा कक्ष में बुधवार को कलेक्टर राजन विशाल की अध्यक्षता में जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक का आयोजन किया गया। बैठक को संबोधित करते कलेक्टर विशाल ने चिकित्सा विभाग को अधीनस्थ चिकित्सा केंद्रों पर चिकित्सा सुविधाओं के बेहतर प्रबंधन व समय-समय पर उनकी मॉनीटरिंग के लिए निर्देश दिए। उन्होंने चिकित्साधिकारियों को विभिन्न मदों के लिए आवंटित बजट का इसी बजट सत्र में शत प्रतिशत व्यय सुनिश्चित करने की भी बात कही। कलेक्टर ने 60 दिवसीय कार्ययोजना के तहत चिकित्सा विभाग की ओर से किए जाने वाले कार्य तत्परता से निपटाने के निर्देश दिए। चिकित्सा योजनाओं की समीक्षा करते हुए उन्होंने चिकित्साधिकारियों को चिकित्सा संस्थानों में सफाई व्यवस्था सुधारने तथा मरीजों को बेहतर सुविधाएं दिलाने को लेकर विशेष ध्यान देने के आदेश दिए। वहीं कलेक्टर ने विभागों में नाकारा पड़े सामान का भी एक माह के अंदर निस्तारण करने के आदेश दिए। इस अवसर पर उपखंड अधिकारी जितेंद्र पांडे, जिला शिक्षा अधिकारी माध्यमिक जयनारायण द्विवेदी व कैलाशचंद्र तिवारी व महिला बाल विकास विभाग के एसएल शर्मा सहित सभी ब्लॉक सीएमओ व खंड स्तरीय चिकित्सा अधिकारी उपस्थित थे।
आवंटित बजट शत प्रतिशत खर्च करने के निर्देश
कलेक्टर राजन विशाल ने विभागों को आवंटित बजट का इसी बजट सत्र में शत प्रतिशत खर्च करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को मदों का श्रेणीकरण कर आवश्यकतानुसार बजट व्यय करने की बात कही। उन्होंने मदों के अनुसार किए जा रहे खर्च की सूचना उच्चाधिकारियों को भी भिजवाने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने आशाओं के प्रोत्साहन राशि के बकाया भुगतान भी शीघ्र देने के आदेश दिए। उन्होंने कहा कि इस संबंध में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
तंबाकू निषेध सूचना बोर्ड लगाए जाएं
कलेक्टर ने राजकीय स्कूलों के पास तंबाकू उत्पादों की बिक्री करने वाले लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के लिए अधिकारियों को निर्देश दिए। उन्होंने चिकित्सा व शिक्षाधिकारियों से शिक्षण संस्थानों व चिकित्सा केंद्रों पर तंबाकू निषेध सूचना बोर्ड लगाने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने तंबाकू उत्पादों के उपयोग से होने वाले दुष्परिणामों के बारे में भी आमजन को अधिकाधिक जानकारी उपलब्ध कराने की बात कही।