झोपड़ी में आग लगने से सामान जला
जसवंतपुरा. जसवंतपुरा के डोरडा सरहद स्थित एक बेरे पर बने झोपड़े में बुधवार को आग लगने से उसमें रखा घरेलू सामान व अनाज की बोरी व नकदी जल गए। पुलिस थाने में पोमाराम पुत्र कुपाजी भील ने रिपोर्ट दर्ज कर बताया कि जालमसिंह पुत्र भंवरसिंह निवासी डोरडा के बेरे पर पोमाराम भील खेतों की रखवाली कर रहा था इस दरम्यान झोपड़े में अचानक आग लग गई। आग बुझाने की प्रयास तक झोपड़े में रखा सामान जल कर राख हो गया। घटना की जानकारी मिलने पर पटवारी ने मौका रिर्पोट बनाई।
आग लगने से जला छपरा
सांचौर - नगर पालिका क्षेत्र के जाजूसन रोड़ पर खेत में बने छपरे में आग लग जाने से छपरा व उसमें रखा सामान जलकर खाक हो गया। जानकारी के अनुसार जाजूसन रोड के पास स्थित बाबूलाल लोल के खेत में कृषि कार्य के लिए किसान भाखराराम मेघवाल निवासी जाजूसन खेत में छपरा बनाकर उसमें रह रहा था। गुरूवार को दिन में अज्ञात कारणों से छपरे में आग लग गई।
आग की लपटें देखकर आस-पास के लोगों ने आग बुझाने का प्रयास किया। इस दौरान नगरपालिका की दमकल को सूचना देने पर फायरब्रिगेड के मौके पर आने तक छपरा व उसमें रखा अनाज, चारा, बिस्तर एवं चारपाई सहित छपरे में रखी नकदी जलकर नष्ट हो गई।