- Hindi News
- पर्यावरण संरक्षण के लिए यज्ञ का आयोजन, वन्यजीव की रक्षार्थ शहीद को दी श्रद्धांजलि
पर्यावरण संरक्षण के लिए यज्ञ का आयोजन, वन्यजीव की रक्षार्थ शहीद को दी श्रद्धांजलि
भास्कर न्यूज - सांचौर
निकटवर्ती धमाणा गोलिया स्थित अमृता देवी उद्यान में गुरूवार को अमावस्या पर पर्यावरण प्रेमियों द्वारा यज्ञ का आयोजन किया गया। अमावस्या को लेकर पर्यावरण प्रेमियों ने भगवान जम्भोजी के बताए 120 शब्दवाणी का उच्चारण से यज्ञ का पाहल बनाया। इस दौरान समाज बंधुओं एवं पर्यावरण प्रेमियों ने पाहल ग्रहण कर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया। समाज बंधुओं से एकजुट होकर वन्यजीवों की रक्षार्थ राज्य सरकार से उचित कदम उठाने के लिए दबाव बनाने की रणनीति पर विचार विमर्श किया गया। इससे पूर्व रात्रि जागरण का आयोजन किया गया जिसमें देर रात तक भजन व सखियों की प्रस्तुतियां दी गई।
शिकारियों की गोली से हुए शहीद को दी श्रद्धांजलि : यज्ञ के दौरान उपस्थित पर्यावरण प्रेमियों ने जोधपुर जिले के ननेऊ गांव में वन्यजीव की रक्षार्थ शहीद हुए शैतानसिंह विश्नोई को दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि दी। वन्यजीव प्रेमियों ने चिंकारा हिरणों के शिकार को रोकने के दौरान शिकारियों द्वारा इस प्रकार से युवक के गोली मारने को घिनौनी हरकत बताया तथा युवक को राज्य सरकार से शहीद का दर्जा देने की मांग रखी। इस अवसर पर पर्यावरण एवं वन्यजीव समिति के सदस्य रामकिशन गुरू, बाबूलाल विश्नोई, रतनाराम विश्नोई, सोहनलाल जाणी, पीराराम धायल, जयकिशन, अशोक बेनीवाल, रघुनाथ विश्नोई दाता, किशनलाल विश्नोई सहित कई जने मौजूद रहे।
इसी प्रकार नगर के विश्नोई समाज धर्मशाला में विश्नोई समाज के व्यापारियों ने श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया।उन्होंने कहा कि वन्य जीव प्रेमी शैतानसिंह ने गुरु जंभेश्वर भगवान द्वारा बताए गए धर्म के अनुसार वन्य जीव के प्रति दयाभाव का परिचय दिया। उन्होंने राज्य सरकार से शैतानसिंह को शहीद का दर्जा देने की मांग करते हुए शिकारियों को शीघ्र गिरफ्तार कर कड़ी सजा दिलाने की मांग की।