- Hindi News
- चांधन में 24 से शुरू होगी समर्थन मूल्य पर मूंगफली की खरीद
चांधन में 24 से शुरू होगी समर्थन मूल्य पर मूंगफली की खरीद
भास्कर न्यूज - जैसलमेर.
चांधन कृषि बेल्ट सहित जिले के किसानों को समर्थन मूल्य पर मूंगफली बेचने के लिए अब जिले से बाहर नहीं जाना पड़ेगा। सरकार की ओर से चांधन में समर्थन मूल्य पर मूंगफली खरीद केन्द्र प्रारंभ किया गया है। आगामी 24 जनवरी से चांधन में समर्थन मूल्य पर मूंगफली की खरीद प्रारंभ हो जाएगी। किसानों की समस्या को लेकर भास्कर ने इस संबंध में खबर का प्रकाशन किया था। जिसके पश्चात सरकार द्वारा जैसलमेर में समर्थन मूल्य पर मूंगफली खरीद केन्द्र प्रारंभ किया गया है।
24 जनवरी से खरीद के टोकन
दिए जाएगे
जैसलमेर सहकारी उपभोक्ता होलसेल भंडार के महाप्रबंधक मोहम्मद रफीक ने बताया कि 24 जनवरी से किसानों को खरीद की तिथि के टोकन दिए जाने की प्रक्रिया चांधन कृषि मंडी में प्रारंभ की जाएगी। ताकि प्रत्येक किसान को माल तुलवाने में आसानी हो। मूंगफली की खरीद अंतर्गत नेफेड व राजफैड द्वारा जो मानक निर्धारित किए गए है, उसी अनुरूप माल की खरीद की जाएगी। जिसके तहत मूंगफली का समर्थन मूल्य 4 हजार प्रति क्विंटल निर्धारित है। मूंगफली खरीद केन्द्र प्रभारी से टोकन प्राप्त करने के लिए गिरदावरी की प्रति एवं फोटो युक्त पहचान पत्र उपलब्ध करवाने पर किसान को टोकन दिया जाएगा। माल का भुगतान किसान के नाम से चेक द्वारा ही किया जाएगा।
प्राथमिकता के आधार पर मिलेंगे टोकन
मूंगफली खरीद औसत पैदावार प्रति हेक्टर 18 क्विंटल अर्थात 3 क्विंटल प्रति बीघा के हिसाब से ली जाएगी। खरीद की जाने वाली मूंगफली मंडी क्षेत्र में लाने के बाद गाड़ी से उतराई, दडा कराई, बोरी में भर्ती, कांटे पर रखवाई की लेबर का 14 रुपए प्रति बोरी भुगतान किसान को देना होगा। उन्होंने बताया कि कृषक द्वारा मंडी में लाई जाने वाली मूंगफली कृषि उपज मंडी के गेट पास लेकर ही मंडी क्षेत्र में लाई जाएगी तथा आने वाले किसान को मंडी में आने की प्राथमिकता के आधार पर टोकन दिए जाएंगे। खरीद की जाने वाली मूंगफली की साफ सफाई की हुई होनी चाहिए एवं निर्धारित गुणवत्ता की होने पर ही खरीदी जाएगी। प्रतिदिन की तुलाई सूची मंडी क्षेत्र में चस्पा की जाएगी। किसी भी प्रकार की समस्या होने पर महाप्रबंधक मोहम्मद रफीक एवं केन्द्र प्रभारी भंवरलाल आचार्य से संपर्क किया जा सकता है।