किसानों का धरना खत्म
भास्कर न्यूज - जैसलमेर
नहरी पानी वितरण में चल रही अनियमितता के चलते पिछले पांच दिनों से रामगढ़ क्षेत्र में एक्सईएन कार्यालय के बाहर किसानों का धरना चल रहा था। बुधवार को हुई समझौता वार्ता के बाद किसानों ने धरना समाप्त करने की घोषणा की। बुधवार को जिला मुख्यालय पर कलेक्टर एनएल. मीना व चीफ इंजीनियर आरके मीना के साथ महावीर पुरोहित के नेतृत्व में भारतीय किसान संघ के प्रतिनिधि मंडल की समझौता वार्ता हुई। इस वार्ता के बाद आगामी दिनों में पर्याप्त पानी मिलने का आश्वासन किसानों को दिया गया जिस पर किसानों ने धरना खत्म करने का निर्णय लिया। इस अवसर पर देवीलाल रिणवा, राजेन्द्र अग्रवाल, विक्रमसिंह शेखावत, कुम्भाराम, बजरंग, प्रहलाद चौधरी, टीकूराम गर्ग, मुकेश विश्नोई व विजयपाल भी मौजूद थे।
इन लिखित शर्तों पर हुआ समझौता
: पानी चोरी रोकने के लिए टास्कफोर्स का गठन किया गया है जिसमें किसान संघ के सक्रिय व प्रमुख कार्यकर्ता भी सदस्य होंगे।
: 190 से 314 आरडी तथा टेल में पिटी हुई बारी को पानी उपलब्ध करवाया जाएगा।
: आगामी चक्रीय वरीयता के अनुसार पूरा पानी अंतिम छोर तक दिया जाएगा इसमें कमी पाई गई तो नहर विभाग जिम्मेवार होगा।
: पुलिस जाब्ते के साथ नहरी विभाग के अधिकारी भी शामिल रहेंगे।
: आरडी 133 पर अस्थाई पुलिस कैंप होगा।